नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) के नेताओं द्वारा भाजपा पर प्रत्याशियों को प्रलोभन देने के आरोप पर भाजपा महामंत्री विष्णु मित्तल ने उपराज्यपाल (LG) से शिकायत की।
उन्होंने आप संयोजक अरविंद केजरीवाल, सांसद संजय सिंह के आरोप की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (ACB) या किसी अन्य एजेंसी से जांच कराने और इन नेताओं के विरुद्ध FIR दर्ज करने की मांग की। भाजपा की शिकायत पर उपराज्यपाल ने ACB को जांच करने का निर्देश दिया।
संजय सिंह ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता कर भाजपा पर आरोप लगाया था कि AAP के सात प्रत्याशियों को 15-15 करोड़ का प्रलोभन देने का आरोप लगाया था। भाजपा चुनाव हार रही है इसलिए आपरेशन लोट्स शुरू कर दिया है।
भाजपा की शिकायत पर मामला हाईकोर्ट में लंबित
उनके आरोप पर दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा था कि मुख्यमंत्री आतिशी ने इसी तरह के झूठे आरोप लगाए थे। भाजपा की शिकायत पर मामला हाईकोर्ट में लंबित है। संजय सिंह यदि माफी नहीं मांगेंगे तो उनके विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, शाम में एग्जिट पोल में भाजपा के जीत की संभावना जताए जाने पर आप संयोजक अरविंद केजरीवाल व मुख्यमंत्री आतिशी ने एक्स पर पोस्ट कर इसे फर्जी बताया था।
उन्होंने कहा था कि यदि फर्जी एग्जिट पोल में भाजपा को 55 सीटें आ रही है तो आप के 16 विधायकों को 15-15 करोड़ रुपये का प्रलोभन देकर उन्हें तोड़ने का प्रयास क्यों कर रही है।
उपराज्यपाल के निर्देश पर ACB ने शुरू की जांच
केजरीवाल ने सुबह आप प्रत्याशियों की बैठक बुला ली। आप नेताओं ने फिर से आरोप दोहराया। वहीं, भाजपा के प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल ने उपराज्यपाल से आप नेताओं के आरोप को लेकर शिकायत करते हुए इसे गंभीर मामला बताया। उन्होंने इसकी जांच कराने की मांग की।
उपराज्यपाल ने भाजपा की शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेते हुए इस मामले की गंभीरता से और समयबद्ध तरीके से जांच करने के निर्देश जारी कर दिए। उपराज्यपाल के निर्देश पर एसीबी ने जांच शुरू कर दी है।