अयोध्या। अयोध्या जिले की मिल्कीपुर सीट उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी चंद्रभानु पासवान ने सपा प्रत्याशी अजीत प्रसाद को 61,710 मतों से करारी शिकस्त दी है।
30वें व अंतिम राउंड की गिनती के बाद भाजपा प्रत्याशी को एक लाख 46 हजार 397 मत मिले जबकि सपा प्रत्याशी को 84 हजार 687 वोट मिले। इस तरह भाजपा प्रत्याशी की 61,710 मतों से बड़ी जीत हुई।
‘2027 में समाजवादी पार्टी समाप्तवादी पार्टी बन जाएगी’
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि “आज दिल्ली को प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में चलने वाली सरकार मिली है… मिल्कीपुर की ऐतिहासिक जीत पर मैं भाजपा उम्मीदवार को बधाई देता हूं। समाजवादी पार्टी की गुंडागर्दी हारी है। ये शुरुआत है, 2027 में समाजवादी पार्टी समाप्तवादी पार्टी बन जाएगी।”
भाजपा कार्यालय में जश्न का माहौल
अयोध्या की मिल्कीपुर सीट को लेकर निर्णायक बढ़त पर भाजपा कार्यालय में जश्न का माहौल है। भाजपा प्रत्याशी चंद्रभानु पासवान की संभावित जीत पर नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बधाई दी। भाजपा कार्यालय पर ढोल नगाड़े के बीच रंग और गुलाल उड़े।
‘अखिलेश यादव के पास कुछ कहने को नहीं बचा’
ओपी राजभर ने मिल्कीपुर उपचुनाव के रुझानों पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि “बहुत पहले कहा था, वहां की नब्ज टटोली थी। लोगों को विकास रूपी दूध चाहिए। विकास रूपी दुधारू गाय लेकर सरकार लड़ रही है।
जनता दुधारू गाय को वोट दे रही है। उन्होंने आगे कहा कि, “अखिलेश यादव के पास कुछ कहने को नहीं बचा। देश की जनता मोदी पर विश्वास कर रही है। जनता मोदी के कामों पर विश्वास कर रही है।”