आगरा: शहर में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई लगातार जारी है। शुक्रवार को नगर निगम की टीम ने जगनेर रोड पर बुलडोजर चलाकर फुटपाथ और सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान दुकानदारों ने विरोध भी किया, लेकिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अभियान जारी रहा।
टिनशेड से लेकर होर्डिंग तक हटाए
नगर निगम की टीम ने खेरिया मोड़ से जगनेर रोड पर नगर निगम सीमा तक अभियान चलाया। इस दौरान सड़क और फुटपाथ पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण को बुलडोजर की मदद से हटाया गया।
कार्रवाई में दुकानों के बाहर लगाए गए टिनशेड, तिरपाल, होर्डिंग, बैनर और बोर्ड हटाकर जब्त किए गए। अधिकारियों के मुताबिक, इनकी वजह से सड़क और फुटपाथ पर आवागमन प्रभावित हो रहा था।
दुकानदारों ने किया विरोध
अतिक्रमण हटाने के दौरान कुछ दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने नगर निगम की कार्रवाई का विरोध किया। हालांकि नगर निगम की टीम के साथ भारी पुलिस फोर्स और प्रवर्तन दल मौजूद था, जिसके चलते अभियान को रोका नहीं गया।
टीम ने एक के बाद एक अतिक्रमण हटाते हुए सड़क और फुटपाथ को खाली कराया।
17,500 रुपये का जुर्माना वसूला
अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई के साथ नगर निगम ने संबंधित दुकानदारों पर 17,500 रुपये का जुर्माना भी लगाया और मौके पर वसूली की।
अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी कि कार्रवाई के बाद दोबारा अतिक्रमण करने पर सिर्फ सामान जब्त नहीं किया जाएगा, बल्कि जुर्माने के साथ सख्त कार्रवाई भी की जाएगी।
पुलिस फोर्स के साथ पहुंची निगम की टीम
अभियान के दौरान जोनल अधिकारी ताजगंज जोगेंद्र सिंह, जेडएसओ योगेंद्र कुशवाहा, एसएफआई अभय यादव और प्रभारी प्रवर्तन दल कर्नल राहुल गुप्ता समेत नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
नगर निगम की कार्रवाई के बाद जगनेर रोड के संबंधित हिस्से में फुटपाथ और सड़क को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। अधिकारियों ने कहा कि अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

