रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के लिए मतगणना जारी है। ज्यादातर निगमों में भाजपा उम्मीदवारों की जीत हो रही है। 15 साल बाद रायपुर नगर निगम में भाजपा उम्मीदवार ने महापौर पद के लिए जीत दर्ज की है। भाजपा की मीनल चौबे बंपर वोटों से जीती हैं।
जगदलपुर में महापौर पद पर भाजपा के संजय पांडे ने जीत दर्ज कर ली है। कोरबा में भाजपा की संजू देवी राजपूत जीती हैं। 6 निगमों में भी भाजपा उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। वहीं 34 नगर पालिका में भाजपा और 8 पर कांग्रेस प्रत्याशी आगे चल रहे हैं। 7 नगर निगम में निर्दलीय प्रत्याशी आगे हैं।
दुर्ग में भाजपा को जबरदस्त जीत
दुर्ग नगर निगम चुनाव में भाजपा को प्रचंड जीत मिली है। यहां कांग्रेस महज 12 वार्डों में सिमट कर रह गई है। महापौर सहित 40 पार्षद पद भाजपा के खाते में आ गए हैं। 8 जगहों पर निर्दलीय उम्मीदवार जीते हैं।
कांग्रेस की स्थिति चिंताजनक
छत्तीसगढ़ निकाय चुनाव में 10 नगर निगम में कांग्रेस का एक भी उम्मीदवार महापौर पद के लिए नहीं जीत पाया है। 6 निगमों में भाजपा उम्मीदवार जीत चुके हैं और चार पर यही आगे चल रहे हैं। इधर 49 नगर पालिका में से केवल 8 पर ही कांग्रेस उम्मीदवार जीत की ओर हैं। 114 नगर पंचायतों में से 20 पर ही कांग्रेस आगे है।
दंतेवाड़ा के पांचों निकायों पर भाजपा का परचम
दंतेवाड़ा जिले में पांचों निकायों पर भाजपा का कब्जा हुआ है। दंतेवाड़ा नगरपालिका में भाजपा की पायल गुप्ता, बचेली नगरपालिका में भाजपा के राजू जायसवाल, किरंदुल नगरपालिका में भाजपा की रूबी शैलेन्द्र सिंह, बारसूर नगर पंचायत में भाजपा की सुभद्रा नेगी और गीदम नगर पंचायत में भाजपा के ही रजनीश सुराना की जीत हुई।