नई दिल्ली। दिल्ली की नई सरकार एक्शन मोड में है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली में टूटी सड़कों और पानी से संबंधित समस्याओं को लेकर बैठक बुलाई है। बताया गया कि दिल्ली सचिवालय में दोपहर में बजे बैठक होगी।
पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी और मंत्रियों के व्यक्तिगत स्टाफ की सेवाएं खत्म की गई। पूर्व सरकारों ने जिन अधिकारियों और कर्मचारियों को दूसरी जगह नियुक्ति किया था, उनको तुरंत अपने मूल विभागों में रिपोर्ट करने को कहा गया है।
व्यक्तिगत स्टाफ की जानकारी मांगी गई
बताया गया कि कई अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रतिनियुक्ति पर दूसरे बोर्ड कारपोरेशन में भेजा गया था।
सप्ताह भर पहले सभी विभागों से पूर्व सरकार की ओर से कंट्रैक्ट और व्यक्तिगत स्टाफ की जानकारी मांगी गई थी। उनको मूल विभाग में लौटने को कहा गया है।
पदभार संभालते ही क्या बोलीं रेखा गुप्ता
वहीं, दिल्ली सचिवालय में मुख्यमंत्री का पदभार संभालने के बाद रेखा गुप्ता ने कहा कि उनका मिशन विकसित दिल्ली का है, जिसे पूरा करने के लिए लगातार काम किया जाएगा। एक भी दिन व्यर्थ नहीं होगा। दिल्ली वालों से किया हर वादा पूरा करेंगे।
इस दौरान उन्होंने मीडिया से कहा कि भाजपा सरकार आने के बाद आप जिस तरह से सीएम कार्यालय में आ सके हैं, ऐसा पहले नहीं होता होगा। नई मुख्यमंत्री के स्वागत में सचिवालय के दूसरे तल पर बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।
सीएम रेखा गुप्ता से मिलने पहुंचे मुख्य सचिव धर्मेंद्र
अतिरिक्त मुख्य सचिव (सामान्य प्रशासन विभाग) नवीन चौधरी ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया।
मुख्यमंत्री के साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के साथ ही कैबिनेट मंत्री आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा और रविन्द्र इंद्रराज भी पहुंचे।
मुख्यमंत्री जब अपने कार्यालय पहुंचीं तो मुख्य सचिव धर्मेंद्र भीड़ से गुजरते हुए उनसे मिलने पहुंचे और पुष्पगुच्छ भेंट किया।
कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा और प्रवेश वर्मा के पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने जय श्री राम के नारे लगाए।
कैबिनेट मंत्री पंकज सिंह के साथ ही केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा एवं सासंद रामवीर सिंह बिधूड़ी, बांसुरी स्वराज और योगेंद्र चंदोलिया भी मौजूद रहे।