नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों के लिए आज बुधवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गे। कड़ी सुरक्षा के बीच मतदाता वोट डाल रहे हैं। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। आठ फरवरी को चुनाव के नतीजे आएंगे।
इस बीच, आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक व ओखला से उम्मीदवार अमानतुल्लाह खान व AAP विधायक दिनेश मोहनिया के खिलाफ खिलाफ FIR दर्ज की गई है। दोनों आप विधायकों पर अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की गई है।
दिनेश मोहनिया पर फ्लाइंग किस देने का आरोप
जानकारी के मुताबिक, संगम विहार थाने में एक महिला ने आप विधायक दिनेश मोहनिया के खिलाफ फ्लाइंग किस देने का मामला दर्ज कराया है। दिल्ली पुलिस ने धारा 323/341/509 के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं, दिल्ली पुलिस ने आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के लिए आप उम्मीदवार अमानतुल्लाह खान के खिलाफ FIR दर्ज की।
अमानतुल्ला के खिलाफ FIR दर्ज
दिल्ली पुलिस ने आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन को लेकर ओखला विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार अमानतुल्लाह खान के खिलाफ FIR दर्ज की है।
पुलिस ने यह कार्रवाई एक वीडियो सामने आने के बाद की, जिसमें आप नेता चुनाव प्रचार खत्म होने के बाद अपने समर्थकों के साथ अपने निर्वाचन क्षेत्र (ओखला) में घूमते हुए दिख रहे थे।
साउथ ईस्ट दिल्ली के डीसीपी ने एक्स पर लिखा, “इस मामले में, आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के लिए अमानतुल्लाह के खिलाफ धारा 223/3/5 बीएनएस और 126 आरपी अधिनियम के तहत एफआईआर नंबर 95/25 पुलिस स्टेशन जामिया नगर में दर्ज की गई है।”