नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए राजधानी दिल्ली में आज 05 फरवरी बुधवार सुबह सात बजे से सभी 70 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है। दिल्ली पुलिस ने चुनाव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
आज राजधानी दिल्ली में चप्पे-चप्पे पर पुलिस का कड़ा पहरा है और सभी संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। सुबह 11 बजे तक 19.95 प्रतिशत मतदान हुआ है। पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने माता-पिता, पत्नी सुनीता केजरीवाल और बेटे के साथ लेडी इर्विन स्कूल में मतदान किया।
‘मुस्लिम महिलाएं डाल रही हैं फर्जी वोट’
इस बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) आरोप लगा रही है कि सीलमपुर में मुस्लिम महिलाएं बुर्के पहनकर फर्जी वोट डाल रही हैं। भाजपा प्रत्याशी अनिल गौड़ का आरोप है कि मुस्लिम महिलाएं फर्जी वोट डाल रही हैं। हालांकि, उनके आरोप को चुनाव आयोग ने निराधार बताया है।
क्या बोले उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़?
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा “…मतदान महान दान है। प्रजातंत्र का आधार है और मतदान सब अधिकारों की जननी है। इससे सर्वोपरी कोई अधिकार नहीं है। प्रजातंत्र का महत्व है कि हर व्यक्ति अपना मतदान विवेकपूर्ण तरीके से, स्वतंत्रता से देश के लिए करे।
इसी से प्रजातंत्र फलता-फूलता है और विकसित होता है। भारतवर्ष दुनिया के सामने एक मिसाल है, जहां सत्ता परिवर्तन या सत्ता का स्थायित्व मतदान से ही जाहिर होता है। सभी मतदान करें, यही मेरी कामना है।”
सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली पुलिस पर उठाए सवाल
ग्रेटर कैलाश विधानसभा सीट से आप उम्मीदवार सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस चिराग दिल्ली के एक मतदान केंद्र पर लोगों को वोट डालने से रोकने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि आप सुबह से ही चुनाव को प्रभावित करने के लिए यहां खड़े हैं। यहां बैरिकेड क्यों लगाए गए हैं?