नई दिल्ली। दिल्ली के कनॉट प्लेस में एक रेस्टोरेंट की रसोई में आग लग गई। आग बुझाने के लिए 6 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। जिसके बाद आग पर काबू पाने का काम शुरू किया गया। बताया जा रहा है कि आग एलपीजी सिलेंडर में लीकेज की वजह से लगी।
जानकारी के मुताबिक, कनॉट प्लेस स्थित बिकगने बिरयानी रेस्टोरेंट में गुरुवार सुबह आग लग गई। आग के चपेट में आने से वहां काम कर रहे छह कर्मचारी झुलस गए। आग रेस्टोरेंट के रसोई में लगी थी।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल कर्मियों ने घायल सभी कर्मचारियों को बाहर निकाल कर पास के अस्पताल में भर्ती कराया। दमकल कर्मियों ने 6 गाड़ियों की मदद से करीब आधे में आग पर काबू पा लिया।
शुरुआती जांच में पता चला है कि आग रसोई गैस सिलेंडर में रिसाव की वजह से लगी। घायल कर्मचारियों की पहचान दीपक, पीयूष, महेंद्र, मोहम्मद आलम, शेरूउद्दीन और जनक के रूप में हुई है। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।