आगरा के राजामंडी क्षेत्र स्थित भारत टॉकीज के पीछे संचालित भैंसों के बाड़ों पर नगर निगम ने छापामार अभियान चलाया। इसमें पाया कि कई पशुपालक अपने बाड़ों से निकलने वाले गोबर और गंदे पानी को सीधे नालियों में बहा रहे थे, इस पर टास्क फोर्स ने दस पशुपालकों पर कुल 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। जुर्माना जमा न करने पर निगम की टीम ने तीन भैंसों को जब्त कर लिया। बाद में संबंधित पशुपालकों के जुर्माना अदा किए जाने के बाद भैंसों को छोड़ दिया गया।
कार्रवाई के दौरान पशुपालक चंद्र प्रकाश, दिनेश, मुकेश, निखिल, पीयूष और आदर्श समेत अन्य पशुपालकों के खिलाफ जुर्माना लगाया गया। सभी को कड़ी चेतावनी दी गई कि भविष्य में यदि दोबारा इस प्रकार गंदगी फैलाते हुए पाए गए तो उनके खिलाफ और भी कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। निगम अधिकारियों ने पशुपालकों से कहा कि शहर के घनी आबादी वाले क्षेत्रों में संचालित पशुबाड़ों को नियमानुसार शहर से बाहर स्थानांतरित कर लें।
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने बताया कि ‘शहर की स्वच्छता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। नालियों में गोबर, कूड़ा अथवा अन्य अपशिष्ट डालकर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।’

