‘देश के जवान भाई, मुझे माफ कर दो’, ‘We are Gen Z’ बोलकर फंसी पर्यटक ने मांगी माफी, जानिए पूरा विवाद

3 Min Read
‘देश के जवान भाई, मुझे माफ कर दो’, ‘We are Gen Z’ कहने वाली पर्यटक ने मांगी माफी

नई दिल्ली: लद्दाख के एक चेकपोस्ट पर सुरक्षा कर्मियों से बहस और खुद को ‘Gen Z’ बताने वाली पर्यटक ने अब भारतीय सेना के जवानों से माफी मांग ली है। कुछ दिन पहले उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह ट्रैफिक रोके जाने को लेकर सुरक्षा कर्मियों से बहस करती नजर आई थी। विवाद बढ़ने के बाद महिला ने अपने व्यवहार पर अफसोस जताया और जवानों से माफी मांगी।

महिला ने कहा, “कृपया मेरे देश के जवान भाई, मुझे माफ कर दो।” उसने माना कि चेकपोस्ट पर जो कुछ हुआ, उसमें उसकी गलती थी और उसे अपने व्यवहार का पछतावा है।

‘आपकी वजह से हम सुरक्षित सोते हैं’

माफी मांगते हुए पर्यटक ने सेना के जवानों की भूमिका की भी तारीफ की। उसने कहा कि जवान देश की सीमाओं पर दिन-रात तैनात रहते हैं, ताकि देशवासी सुरक्षित रहें और चैन की नींद सो सकें।

महिला ने कहा कि लोग कभी-कभी निराशा और गुस्से में ऐसी बातें बोल देते हैं, लेकिन जवान उनकी बातों का बुरा नहीं मानते। उसने भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर में तैनात जवानों से भी माफी मांगते हुए कहा कि वे उसे “अपनी छोटी बहन समझकर माफ कर दें।”

मिनिमर्ग चेकपोस्ट पर क्या हुआ था?

यह पूरा विवाद लद्दाख के मिनिमर्ग चेकपोस्ट का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में महिला कई घंटे तक ट्रैफिक रोके जाने से नाराज दिखाई दे रही थी। वह सुरक्षा कर्मियों से सवाल कर रही थी कि पर्यटकों को इतनी देर तक क्यों रोका जा रहा है।

वीडियो में महिला ने खुद को Gen Z बताते हुए कहा था कि वह इस तरह की स्थिति को स्वीकार नहीं करेगी। उसने ट्रैफिक प्रतिबंधों पर सवाल उठाए और दूसरे पर्यटकों से भी वहां से जाने की अपील की थी।

विवाद तब और बढ़ गया जब उसने कथित तौर पर कहा कि “हमारे टैक्स से सबको सैलरी जाती है” और सवाल किया कि सुरक्षा कर्मी उनसे ऊपर कैसे हो सकते हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर महिला के व्यवहार को लेकर काफी नाराजगी देखने को मिली।

उमर अब्दुल्ला ने भी साधा था निशाना

मामले पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री Omar Abdullah समेत कई पूर्व सैन्य अधिकारियों ने प्रतिक्रिया दी थी। उमर अब्दुल्ला ने महिला के बार-बार ‘Gen Z’ कहने पर तंज कसते हुए उसके रवैये की तुलना पुराने “जानते नहीं हो मेरे बाप कौन हैं” वाले अंदाज से की थी।

अब महिला के माफी मांगने के बाद विवाद का रुख बदल गया है। उसने अपने व्यवहार को गलत मानते हुए जवानों से माफी मांगी है और उनसे उसे छोटी बहन समझकर माफ करने की अपील की है।

Share This Article
Exit mobile version