नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज शुक्रवार को दिल्ली की कानून-व्यवस्था के मुद्दे को लेकर बैठक हुई। इस बैठक में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद के साथ दिल्ली पुलिस के कई बड़े अधिकारी भी शामिल हुए। बैठक में मुख्य रूप से महिला सुरक्षा और बांग्लादेशी घुसपैठियों को लेकर चर्चा की हुई।
गृहमंत्री के साथ बैठक पर क्या बोलीं सीएम रेखा गुप्ता
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ बैठक पर कहा, “छोटे-छोटे विषय जो दिल्ली को बड़ी-बड़ी दिक्कत दे रहे थे उन्हें लेकर जब भी भारत सरकार द्वारा ब्यौरा मांगा गया तो उस पर कभी भी दिल्ली की तात्कालिक सरकार द्वारा सहयोग नहीं किया गया। कहां-कहां पर किन चीजों को ठीक करने की आवश्यकता है उस पर विस्तृत चर्चा हुई।”
महिला सुरक्षा के मुद्दे पर हुई चर्चा
सीएम ने बताया कि महिला सुरक्षा की दृष्टि से दिल्ली में प्राथमिक चर्चा की गई और जल्द ही इस पर नीतियां बनाते हुए काम भी किया जाएगा। PWD से संबंधित विषयों के समाधान पर चर्चा हुई और राष्ट्रीय सुरक्षा और अंतर्राष्ट्रीय गैंग दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था के लिए समस्या है, उस पर भी गहन चर्चा हुई।
डबल इंजन की सरकार जिस तरह के अन्य राज्यों में काम कर रही है, अब दिल्ली में भी डबल इंजन की सरकार का काम जनता को नजर आएगा। यह मासिक समीक्षा बैठक की जाएगी। दिल्ली सरकार केंद्र सरकार के साथ काम करेगी और दिल्ली को बेहतर व्यवस्थाएं देगी।
शीला दीक्षित सरकार के बाद पहली बार होगा ऐसा
शीला दीक्षित की सरकार के बाद ऐसा पहली बार देखने को मिल रहा है, जब केंद्रीय गृह मंत्री ने दिल्ली की मुख्यमंत्री सहित कई गृह मंत्रालय के शीर्ष अधिकारियों के साथ राष्ट्रीय राजधानी की कानून व्यवस्था पर चर्चा की।
जानकारी के मुताबिक, इस बैठक का मुख्य उद्देश्य दिल्ली सरकार और दिल्ली पुलिस के बीच तालमेल स्थापित करना है, ताकि कानून-व्यवस्था के संबंध में निर्णय लेने में कोई भी दिक्कत न हो।
जीरो टॉलरेंस की नीति पर होगा काम
इससे पहले, दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले 22 नवंबर 2024 को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने मंत्रालय के शीर्ष अधिकारियों को तलब कर दिल्ली में कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की थी।
इसके साथ ही उन्होंने मंत्रालय के शीर्ष अधिकारियों को निर्देश दिया था कि अपराध को लेकर दिल्ली में हमें जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करना होगा।
दिल्ली में कानून-व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी। दिल्ली में हर व्यक्ति खुद को सुरक्षित महसूस करे। यह हर पुलिसकर्मी की व्यक्तिगत जिम्मेदारी होनी चाहिए।
दिल्ली में चुनाव होने से पहले बांग्लादेशी घुसपैठियों का मुद्दा भी उठा था। गृह मंत्रालय के निर्देश पर दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने बांग्लादेशी नागरिकों को चिन्हित कर उनकी धरपकड़ की कार्रवाई भी शुरू कर दी है।