सादाबाद: रसोई में मिठास घोलने वाली चीनी और गुड़ की बढ़ती कीमतों ने आम परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है। सादाबाद के बाजार में महज एक महीने के भीतर गुड़ की कीमत करीब 40 रुपये से बढ़कर 70 रुपये किलो और चीनी की कीमत 40 रुपये से बढ़कर करीब 60 रुपये किलो पहुंच गई है। यानी गुड़ के दाम में करीब 75 फीसदी, जबकि चीनी में लगभग 50 फीसदी का उछाल आया है।
कीमतों में अचानक हुई इस बढ़ोतरी का असर अब चाय से लेकर मिठाई और रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले अन्य खाद्य पदार्थों पर भी दिखाई देने लगा है।
गुड़ के दाम में सबसे बड़ा उछाल
स्थानीय दुकानदारों के मुताबिक, करीब एक महीने पहले तक बाजार में गुड़ लगभग 40 रुपये किलो बिक रहा था। अब यही गुड़ करीब 70 रुपये किलो तक पहुंच गया है। यानी ग्राहकों को एक किलो गुड़ के लिए करीब 30 रुपये ज्यादा खर्च करने पड़ रहे हैं।
चीनी की कीमत भी इसी अवधि में करीब 40 से बढ़कर 60 रुपये किलो हो गई है। दुकानदार अभिषेक गर्ग और विष्णु अग्रवाल के मुताबिक, थोक बाजार में कीमतें बढ़ने के कारण खुदरा बाजार में भी इसका सीधा असर पड़ा है।
दुकानदारों का कहना है कि उन्हें जिस भाव पर थोक में माल मिल रहा है, उसी के अनुसार ग्राहकों को सामान बेचना पड़ रहा है।
चाय से मिठाई तक जेब पर पड़ेगा असर
चीनी और गुड़ सिर्फ रसोई की दो सामान्य चीजें नहीं हैं, बल्कि इनका इस्तेमाल चाय, मिठाई और कई अन्य खाद्य पदार्थों में होता है। ऐसे में कीमत बढ़ने का असर केवल इन दोनों वस्तुओं तक सीमित नहीं रहने वाला।
उपभोक्ता दीपक दीक्षित और कपिल गोयल का कहना है कि रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के दाम में इतनी तेजी चिंता बढ़ाने वाली है। उनका कहना है कि पहले से बढ़े घरेलू खर्च के बीच चीनी और गुड़ महंगा होने से परिवारों का मासिक बजट और प्रभावित होगा।
जमाखोरी की भी जांच की मांग
कीमतों में अचानक हुई बढ़ोतरी को लेकर उपभोक्ताओं ने बाजार की निगरानी बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि प्रशासन को यह भी जांचना चाहिए कि कहीं जमाखोरी या कालाबाजारी के कारण तो कीमतों में इतनी तेजी नहीं आई है।
प्रशासन की भी बाजार पर नजर
एसडीएम रितु सिंह ने कहा कि बाजार में जमाखोरी करने वालों पर नजर रखी जाएगी। साथ ही कीमतों में अचानक हुई बढ़ोतरी के कारणों की भी निगरानी की जाएगी।
गुड़ और चीनी की कीमतों में यह उछाल अगर लंबे समय तक बना रहा, तो इसका असर सीधे आम आदमी की रसोई और रोजमर्रा के खर्च पर पड़ सकता है।

