पश्चिम चंपारण। आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों को बिहार पर बेअसर बताया है। उन्होंने विश्वास जताया कि बिहार में उनकी पार्टी की सरकार बनेगी। लालू यादव ने ये बातें पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही।
इस दौरान उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पार्टी की तैयारियों पर भी चर्चा की। लालू यादव ने कहा कि बिहार की जनता को फ्री बिजली, रोजगार और सरकारी नौकरियां दी जाएंगी।
बिहार की राजनीति पर नहीं पड़ेगा असर
लालू यादव ने दिल्ली चुनाव नतीजों पर कहा कि इसका बिहार की राजनीति पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब तक वो और उनकी पार्टी मौजूद है, बिहार में कोई दूसरी पार्टी सरकार नहीं बना सकती।
लालू यादव ने अपने अंदाज में कहा कि यहां हमलोगों के रहते कोई दूसरा सरकार कैसे बना लेगा। अभी हमलोग यहीं हैं तो कोई भी इतनी आसानी से कैसे सरकार बना लेगा। बिहार को समझना आसान नहीं है।
चुनावी वादों को भी दोहराया
आरजेडी सुप्रीमो ने अपनी पार्टी के चुनावी वादों को भी दोहराया। उन्होंने कहा कि अगर उनकी सरकार बनती है तो बिहार के लोगों को मुफ्त बिजली दी जाएगी।
रोजगार के नए अवसर पैदा किए जाएंगे। सरकारी नौकरियों में भी बढ़ोतरी की जाएगी। लालू यादव ने कहा कि हम जो कहते हैं, वो करते हैं। बिहार की जनता को कभी निराश नहीं होने देंगे।
लालू यादव पहले भी दे चुके हैं ऐसे बयान
लालू यादव ने पहले भी कई मौकों पर इसी तरह के बयान दिए हैं। वो और उनके बेटे तेजस्वी यादव लगातार कहते रहे हैं कि बिहार में सरकार बनाना इतना आसान नहीं है।
इससे पहले नालंदा में एक कार्यक्रम में लालू यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा था कि उन्हें किसी के सामने सिर नहीं झुकाना है। उन्होंने सभी से मिलकर काम करने और तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने का आह्वान किया था।
बिहार में अक्टूबर-नवंबर में चुनाव
बिहार में इस साल अक्टूबर-नवंबर में विधानसभा चुनाव होने की उम्मीद है। लालू यादव का ये बयान ऐसे समय में आया है जब देश भर में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हैं।
दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद सभी की निगाहें बिहार पर टिकी हैं। राजनीतिक पंडितों का मानना है कि बिहार में इस बार कांटे की टक्कर होगी।