बेंगलुरु में शिफ्ट होने के कुछ ही समय बाद जॉ खो देने वाले एक युवा कर्मचारी की रेडिट पोस्ट काफी वायरल हो रही है। इसमें उसने दावा किया है कि मालिक के बेटे के कंपनी में शामिल होने के बाद उसे इस्तीफा देने के लिए कहा गया था। शख्स ने ऑफिस पर नेपोटिज्म का आरोप लगाया। इस पोस्ट के वायरल होने के बाद नौकरी की सुरक्षा और पारिवारिक व्यवसायों में काम करने के जोखिमों पर बहस छेड़ दी है।
रेडिट पर शेयर की पोस्ट
रेडिट पर r/IndianWorkplace पेज पर @NotTheAbhi नामक हैंडल से इस पोस्ट को शेयर किया गया। कर्मचारी ने बताया कि कई महीनों की बेरोजगारी के बाद उन्हें हाल ही में नौकरी मिली थी। नई शुरुआत की उम्मीद में, वे अपने होमटाउन से बेंगलुरु अपने खर्च पर शिफ्ट हो गए, यह सोचकर कि यह अवसर उन्हें बहुत जरूरी स्थिरता प्रदान करेगा। हालांकि, नौकरी शुरू करने के कुछ ही हफ्तों के भीतर, उनका दावा है कि उन्हें इस्तीफा देने के लिए कहा गया। कर्मचारी के अनुसार, उन्हें जल्द ही पता चला कि यह संगठन एक पारिवारिक व्यवसाय था। बताया जाता है कि मालिक के बेटे के कंपनी में शामिल होने और कर्मचारी की भूमिका से मिलती-जुलती जिम्मेदारियां संभालने के बाद स्थिति बदल गईं। रेडिट पर अपनी आपबीती साझा करते हुए कर्मचारी ने लिखा, ‘नेपोटिज्म के कारण नौकरी से निकाल दिया गया। समझ नहीं आ रहा क्या करूं। हाल ही में मुझे एक कंपनी में नौकरी मिली थी। मैं अपने खर्च पर अपने होमटाउन से बेंगलुरु आया था। ज्वाइन करने के बाद मुझे पता चला कि यह एक स्थानीय पारिवारिक कंपनी है।’
दो हफ्ते पहले शामिल हुआ मालिक का बेटा
शख्स ने दावा किया कि, मालिक का बेटा करीब दो हफ्ते पहले कंपनी में शामिल हुआ था और मैंने देखा कि वह लगभग मेरी ही तरह की जिम्मेदारियां संभाल रहा था। आज मुझे इस्तीफा देने को कहा गया। मुझे समझ नहीं आ रहा कि क्या करूं। महीनों की बेरोजगारी के बाद मुझे यह नौकरी मिली थी और अब ये सब।’
यूजर्स ने दी प्रतिक्रियाएं
इस पोस्ट को देखने के बाद इस पर कई यूजर्स ने प्रतिक्रियाएं दी हैं। कई रेडिट यूजर्स ने प्रोत्साहन के साथ और करियर सलाह प्रदान की। एक यूजर ने लिखा कि, ‘बेंगलुरु मत छोड़ो। यहीं रहो, उम्मीद है तुम्हें अपने होम टाउन जाने से कहीं पहले नई नौकरी मिल जाएगी। इस बीच, संबंधित लोगों से संपर्क बनाए रखो और अपने क्षेत्र में स्किल डेवलपमेंट करते रहो।’
दूसरे ने लिखा कि, ‘लगातार नौकरी की तलाश करें और आपको निश्चित रूप से एक नौकरी मिल जाएगी, और संभवतः वह आपकी पिछली नौकरी से कहीं बेहतर होगी। शुभकामनाएं।’
कई अन्य लोगों ने भी इसी तरह की भावनाएं व्यक्त कीं और बताया कि बेंगलुरु का बड़ा रोजगार बाजार उनके होम टाउन लौटने की तुलना में बेहतर रोजगार के अवसर प्रदान कर सकता है। कई यूजर्स ने कर्मचारी को नेटवर्किंग पर ध्यान केंद्रित करने, अपने कौशल को बेहतर बनाने और इस झटके को अस्थायी मानने की सलाह भी दी।

