फुटबॉल के महान खिलाड़ी लियोनेल मेसी ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। अर्जेंटीना के कप्तान ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 में जॉर्डन के खिलाफ शानदार फ्री-किक गोल दागकर ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया, जो आज तक दुनिया का कोई भी फुटबॉलर नहीं बना सका था। मेसी अब लगातार सात फीफा वर्ल्ड कप मैचों में गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
डलास में खेले गए ग्रुप-जे के मुकाबले में अर्जेंटीना पहले ही अगले दौर के लिए क्वालिफाई कर चुका था, इसलिए मेसी को स्टार्टिंग इलेवन में जगह नहीं दी गई। वह मैच के 60वें मिनट में लॉटारो मार्टिनेज की जगह मैदान पर उतरे। इसके बाद 80वें मिनट में पेनल्टी बॉक्स के ठीक बाहर अर्जेंटीना को फ्री-किक मिली। मेसी ने अपने शानदार अंदाज में गेंद को दीवार के बीच से निकालते हुए सीधे गोलपोस्ट के कोने में पहुंचा दिया।
इस गोल के साथ मेसी ने लगातार सात वर्ल्ड कप मैचों में गोल करने का अनोखा रिकॉर्ड बना दिया। इससे पहले यह उपलब्धि फ्रांस के जस्ट फोंटेन और ब्राजील के महान खिलाड़ी जैरजिन्हो के नाम थी, जिन्होंने लगातार 6-6 वर्ल्ड कप मुकाबलों में गोल किए थे। मेसी ने दोनों को पीछे छोड़ते हुए नया इतिहास रच दिया।
गोल दागने का सिलसिला लगातार जारी
मेसी के इस रिकॉर्ड की शुरुआत 2022 फीफा वर्ल्ड कप के प्री-क्वार्टर फाइनल से हुई थी। इसके बाद उन्होंने क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फ्रांस के खिलाफ फाइनल में भी गोल किए। मौजूदा वर्ल्ड कप में उन्होंने अल्जीरिया के खिलाफ हैट्रिक लगाकर अभियान की शुरुआत की, फिर ऑस्ट्रिया के खिलाफ दो गोल दागे और अब जॉर्डन के खिलाफ फ्री-किक से गोल कर यह सिलसिला सात मैचों तक पहुंचा दिया।
इस गोल के साथ मेसी के नाम अब फीफा वर्ल्ड कप में कुल 19 गोल हो गए हैं। वहीं, यह उनके करियर का 72वां फ्री-किक गोल और अर्जेंटीना के लिए 12वां फ्री-किक गोल भी रहा। इंटरनेशनल फुटबॉल में मेसी के अब 202 मैचों में 123 गोल हो चुके हैं। सबसे ज्यादा इंटरनेशनल गोल करने के मामले में वह दूसरे स्थान पर हैं। इस सूची में पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो 145 गोल के साथ टॉप पर बने हुए हैं। हाल ही में मेसी वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा गोल दागने वाले खिलाड़ी बने थे। उन्होंने जर्मनी के दिग्गज फुटबॉलर मिरास्लोव क्लाजे के 16 गोल का रिकॉर्ड ध्वस्त किया था।
अर्जेंटीना के नाम हुआ खास रिकॉर्ड
मेसी के ऐतिहासिक गोल की बदौलत अर्जेंटीना ने ग्रुप चरण का अंत शानदार अंदाज में किया और एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। अर्जेंटीना अब ब्राजील और जर्मनी के बाद फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में 50 या उससे ज्यादा जीत दर्ज करने वाली तीसरी टीम बन गई है।

