पीलीभीत: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के रमपुरा नौगवां गांव में 20 वर्षीय अंशिका गंगवार की गोली मारकर हत्या के मामले ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। पुलिस के मुताबिक, अंशिका को गोली मारने का आरोप उसके पिता अजय पाल सिंह पर है। वारदात के बाद आरोपी तमंचा लेकर फरार हो गया और पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
अंशिका के परिवार की कहानी सामने आने के बाद मामला सिर्फ एक हत्या तक सीमित नहीं रह गया है। मृतका की मां श्वेता गंगवार ने अपने पति पर लंबे समय से घर में कड़े प्रतिबंध रखने और बेटी की पढ़ाई रुकवाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
नशे में घर पहुंचा, कहासुनी के बाद चली गोली
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार अजय पाल खेती-बाड़ी करता है और शराब का आदी बताया जा रहा है। परिजनों का कहना है कि वह कई बार नशे की हालत में घर पहुंचकर विवाद करता था।
शुक्रवार को भी वह खेत से घर लौटा। इसी दौरान बेटी अंशिका से उसकी कहासुनी हुई और कथित तौर पर उसने तमंचे से बेहद करीब से गोली चला दी। गोली अंशिका के माथे के बाएं हिस्से में लगी। इससे उसके सिर और बाईं आंख को गंभीर नुकसान पहुंचा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में इस्तेमाल तमंचा आरोपी के पास कहां से आया था।
मां ने कहा- 20 साल से पाबंदियों में जी रही थी
अंशिका की मां श्वेता गंगवार ने पुलिस को बताया कि पति उन पर बेहद कड़ी पाबंदियां लगाते थे। उनके मुताबिक, वह करीब 20 वर्षों से घर में लगभग कैद जैसी जिंदगी जी रही थीं।
मां का आरोप है कि बेटी पर भी कई तरह की पाबंदियां थीं और इसी वजह से उसकी पढ़ाई तक बंद करा दी गई थी। परिवार की परिस्थितियों के कारण अंशिका आगे की पढ़ाई जारी नहीं रख सकी।
पढ़ाई में अच्छी थी अंशिका
अंशिका ने करीब दो साल पहले बीसलपुर के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज से 12वीं की परीक्षा पास की थी। इसके बाद उसने बीसलपुर के बाला देवी रोशन लाल डिग्री कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष में दाखिला लिया था।
बीए प्रथम वर्ष पूरा करने के बाद उसका दूसरे और तीसरे वर्ष में दाखिला नहीं कराया गया। इसके बाद वह घर पर ही रहने लगी। चार भाई-बहनों में अंशिका सबसे बड़ी थी।
पिता पर पहले से दर्ज हैं तीन मुकदमे
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक अजय पाल के खिलाफ बीसलपुर कोतवाली में पहले से तीन मुकदमे दर्ज हैं। इनमें से एक मामले में वह अदालत से बरी हो चुका है, जबकि बाकी मामलों की जानकारी पुलिस जुटा रही है।
गांव में भी उसकी छवि दबंग व्यक्ति की बताई जाती है। घटना के बाद जब पुलिस गांव पहुंची तो कई ग्रामीणों ने वारदात के बारे में जानकारी होने से इनकार किया। पुलिस इस चुप्पी को भी आरोपी के प्रभाव से जोड़कर देख रही है।
परिवार के एक सदस्य ने बताई दूसरी कहानी
घटना के बाद अजय पाल के परिवार के एक सदस्य ने मीडिया को यह बताने की कोशिश की कि अंशिका ने खुद को गोली मारी थी और वह मानसिक रूप से बीमार थी।
हालांकि, जब उससे वारदात में इस्तेमाल तमंचे के बारे में सवाल किया गया तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है।
क्या थी हत्या की असली वजह?
फिलहाल अंशिका की हत्या के पीछे की ठोस वजह सामने नहीं आई है। गांव में चर्चा है कि बेटी के व्यवहार और उसकी पढ़ाई को लेकर पिता नाराज था। हालांकि पुलिस ने अभी इन चर्चाओं की पुष्टि नहीं की है।
एसपी सुकीर्ति माधव के मुताबिक, घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी और तमंचे की बरामदगी के बाद मामले की तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है।
