भाजपा नेता कलराज मिश्र की पत्नी सत्यवती मिश्रा का निधन, सीएम योगी ने जताया शोक

3 Min Read
भाजपा नेता कलराज मिश्र की पत्नी सत्यवती मिश्रा का निधन, सीएम योगी ने जताया शोक

भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र की पत्नी सत्यवती मिश्रा का 79 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने नोएडा के मेट्रो अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। जानकारी के अनुसार, वह बीते करीब एक सप्ताह से फेफड़ों में संक्रमण के चलते गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती थीं।

कलराज मिश्र ने खुद सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट के जरिये अपनी पत्नी के निधन की जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा, “मेरी धर्मपत्नी सत्यवती मिश्रा, आज अपनी जीवन यात्रा पूर्ण कर ईश्वर के श्रीचरणों में विलीन हो गईं हैं, प्रभु उनको अपने श्री चरणों में स्थान दें। ॐ शांति।”

डिप्टी सीएम ने अस्पताल जाकर ली थी स्वास्थ्य की जानकारी

जानकारी के मुताबिक, सत्यवती मिश्रा की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलने पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक शनिवार को खुद मेट्रो अस्पताल पहुंचे थे और डॉक्टरों से उनके इलाज व स्वास्थ्य की स्थिति की जानकारी ली थी। इसके कुछ ही घंटों बाद उनके निधन की सूचना सामने आई।

सीएम योगी और डिप्टी सीएम ने जताया शोक

सत्यवती मिश्रा के निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने एक्स पर लिखा, “भाजपा परिवार के वरिष्ठ सदस्य, पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र की धर्मपत्नी का निधन अत्यंत दुःखद है। विनम्र श्रद्धांजलि। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।”

उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भी शोक जताते हुए एक्स पर लिखा, “भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्रा की धर्मपत्नी सत्यवती मिश्रा के निधन की अत्यंत दुःखद सूचना प्राप्त हुई। ईश्वर से प्रार्थना है कि गोलोकवासी पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”

आज होगा अंतिम संस्कार

जानकारी के अनुसार, सत्यवती मिश्रा का अंतिम संस्कार रविवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे नोएडा के सेक्टर 94 में किया जाएगा। निधन की खबर मिलते ही भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता अस्पताल पहुंच गए थे, और पार्टी में शोक का माहौल है।

कलराज मिश्र भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं और केंद्रीय मंत्री तथा राजस्थान के राज्यपाल जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। उनकी पत्नी सत्यवती मिश्रा लंबे समय तक उनके सार्वजनिक जीवन में साथ रहीं।

Share This Article
Exit mobile version