Kanpur: फेसबुक से दोस्ती कर ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 31.5 लाख ठगे, रिपोर्ट दर्ज

2 Min Read

सर्वोदयनगर के मोती विहार निवासी तरुण शर्मा को फेसबुक पर युवती से दोस्ती करना महंगा पड़ गया। उसने ऑनलाइन ट्रेनिंग के नाम पर 31 लाख 50 हजार रुपये ठग लिए। पीड़ित ने युवती के खिलाफ साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। तरुण शर्मा के मुताबिक 29 नवंबर 2024 को उनके फेसबुक अकाउंट पर अदिति शर्मा के नाम से फ्रेंड रिक्वेस्ट आई। उन्होंने दोस्ती के लिए सहमति दे दी।

युवती ने उनसे मोबाइल नंबर मांगा, जिस पर उन्होंने नंबर भी दे दिया। उसने वॉट्सएप नंबर से संदेश भेजा और बातचीत करने लगी। उसने बातों ही बातों में ऑनलाइन बिटॉप ऑपशन ट्रेडिंग की जानकारी दी। तरुण शर्मा के मुताबिक अदिति शर्मा ने उनसे कहा कि इससे बहुत लाभ कमा रही है। उसने अपना अनुभव और लाभ का स्क्रीन शॉट वॉट्सएप पर साझा किया। 20 दिसंबर 2024 को उसने एक लिंक भेजा। उसने संबंधित साइट पर उनका अकाउंट खुलवाया। उसके बाद 21 दिसंबर 2024 से 21 फरवरी 2025 तक उनके विभिन्न बैंक अकाउंट से 31 लाख 50 हजार रुपये जमा कराए।

आरोपी ने उनको अकाउंट की जानकारी के साथ टैक्स का प्रमाण पत्र भी दिया। उनका आधार कार्ड और पैन कार्ड भी ले लिया। तरुण के मुताबिक उनके पास धन नहीं आया तो उन्होंने युवती से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसने नंबर ब्लॉक कर दिया। कस्टमर केयर पर संपर्क किया तो वहां उनसे और रुपयों की मांग हुई। उन्होंने ठगी का अहसास होने पर रिपोर्ट दर्ज कराई। साइबर थाने के इंस्पेक्टर सुनील वर्मा ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। भेजे गए लिंक को दिखवाया जा रहा है।

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version