कानपुर देहात के शिवली थाना क्षेत्र के जसापुरवा गांव में मंगलवार तड़के बारिश के दौरान एक मकान की जर्जर दीवार अचानक भरभराकर ढह गई। मलबे में दबने से सात माह की बच्ची शनवी की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।
जसापुरवा निवासी 80 वर्षीय भिक्खूलाल के मकान की दीवार बारिश के दौरान अचानक गिर गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने में जुट गए। ग्रामीणों ने सभी को बाहर निकालकर उपचार के लिए सीएचसी शिवली पहुंचाया।
नाना के घर मां के साथ आई थी बच्ची
सीएचसी शिवली में चिकित्सकों ने सात माह की शनवी पुत्री शिवांश को मृत घोषित कर दिया। शनवी कन्नौज के इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के कनौली पट्टी की रहने वाली थी। वह अपनी मां शिखा के साथ नाना के घर जसापुरवा आई थी।
बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। हादसे में घायल चार लोगों का सीएचसी शिवली में उपचार चल रहा है।
हादसे में चार लोग घायल
दीवार गिरने से मकान मालिक भिक्खूलाल, उनकी 75 वर्षीय पत्नी सोमवती, रामबाबू की 17 वर्षीय बेटी शगुन और शनवी की मां शिखा (30) घायल हुई हैं।
घटना की सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक अमरेंद्र बहादुर सिंह और हल्का प्रभारी उपनिरीक्षक आनंद कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी जुटाई।
थानाध्यक्ष अमरेंद्र बहादुर सिंह के अनुसार, बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।

