उत्तर 24 परगना: केंद्रीय गृह मंत्री और बीजेपी नेता अमित शाह ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के उस बयान पर तीखा हमला बोला, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। पश्चिम बंगाल के दमदम में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि ‘आतंकवाद को खत्म करने वाले नरेंद्र मोदी जी को कांग्रेस अध्यक्ष आतंकवादी कह रहे हैं। राहुल बाबा के साथ रहते-रहते खरगे जी की भाषा भी बिगड़ गई है।’
‘जितना कीचड़ उछालोगे, कमल उतनी मजबूती से खिलेगा’
शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा, ‘सुन लो राहुल बाबा, जितनी गालियां आप मोदी जी को दोगे, जितना कीचड़ उछालोगे, उतना ही कमल और मजबूती से खिलेगा। हम राज्य में यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) लागू करेंगे, जिससे तीन तलाक खत्म होगा और 4 शादियों की प्रथा पर भी रोक लगेगी। राहुल बाबा, मैं आपको बताने आया हूं कि तमिलनाडु में आप डबल डिजिट में नहीं पहुंचेंगे, पुडुचेरी में भी यही हाल रहेगा, बंगाल में तो खाता खोलना भी मुश्किल होगा और असम में कांग्रेस की सबसे बड़ी हार होने वाली है।’
पीएम मोदी के खिलाफ खरगे के बयान से मचा था बवाल
बता दें कि यह विवाद खरगे के उस बयान से शुरू हुआ, जो उन्होंने तमिलनाडु में चुनाव प्रचार के आखिरी दिन दिया था। उन्होंने AIADMK और बीजेपी के गठबंधन की आलोचना करते हुए प्रधानमंत्री मोदी को ‘ऐसा व्यक्ति बताया जो समानता में विश्वास नहीं करता’ और ‘आतंकवादी’ जैसे शब्द का इस्तेमाल किया, जिसके बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया। हालांकि बाद में खरगे ने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री को आतंकवादी नहीं कहा था, बल्कि उनका मतलब था कि ‘वह केंद्रीय एजेंसियों जैसे ED, CBI और आयकर विभाग के जरिए राजनीतिक विरोधियों को डराते हैं।’
‘अब ममता बनर्जी को हटाने का समय आ गया है’
बीजेपी ने पीएम मोदी को लेकर दिए गए खरगे के इस बयान पर कड़ा विरोध जताया था, और उनसे माफी की मांग की थी। पार्टी ने खरगे के खिलाफ भारत निर्वाचन आयोग में शिकायत भी दर्ज कराई है। वहीं, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हमला बोलते हुए शाह ने राज्य में कानून-व्यवस्था और विकास को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, ‘अब ममता बनर्जी को हटाने का समय आ गया है। उन्होंने बंगाल को गुंडों के हवाले कर दिया है। क्या आप ‘भतीजे’ को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं?’
गृह मंत्री ने बंगाल की जनता से किए कई बड़े वादे
शाह ने आगे कहा, ‘ममता दीदी लोगों को गुमराह कर रही हैं कि मुख्यमंत्री बाहर से आएगा। मैं आज घोषणा करता हूं कि बंगाल का मुख्यमंत्री वही बनेगा जो यहीं पैदा हुआ हो, जिसने बंगाली भाषा में पढ़ाई की हो और जो बंगाली बोलता हो। वह कोई ‘भतीजा’ नहीं, बल्कि बीजेपी का कार्यकर्ता होगा। बीजेपी की सरकार बनने पर महिलाओं के खातों में हर महीने 3000 रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे, 7वां वेतन आयोग लागू किया जाएगा और सरकारी कर्मचारियों को डीए दिया जाएगा। बेरोजगार युवाओं को भी हर महीने 3000 रुपये की आर्थिक सहायता जाएगी।
बंगाल में तृणमूल और बीजेपी के बीच सीधा मुकाबला
बता दें कि पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों पर मतदान 2 चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को होगा, जबकि मतगणना 4 मई को होगी। भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार, पहले चरण में 152 सीटों पर और दूसरे चरण में 142 सीटों पर वोटिंग होगी। राज्य में इस बार तृणमूल कांग्रेस और बीजेपी के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है। ममता बनर्जी जहां लगातार चौथी बार सत्ता में आने की कोशिश कर रही हैं, वहीं बीजेपी पिछली बार 77 सीटें जीतने के बाद इस बार सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ मैदान में है।

