लखनऊ: राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके गोमती नगर में गुरुवार दोपहर हुई सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। ICICI बैंक की रिलेशनशिप मैनेजर दिव्या मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वारदात को उनके पति मानस बाजपेई ने अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, पत्नी की हत्या के बाद आरोपी अपने घर पहुंचा, जहां उसने अपनी बहन को भी गोली मार दी। इसके बाद आरोपी ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
बैंक के बाहर बुलाया और मार दी गोली
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आरोपी पति ने दिव्या मिश्रा को गोमती नगर स्थित बैंक के बाहर बुलाया था। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई। इसके बाद मानस ने कथित तौर पर दिव्या को गोली मार दी और मौके से फरार हो गया।
घटना दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। गोली लगने के बाद दिव्या को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की टीम अब घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि वारदात से पहले और बाद की पूरी गतिविधियों का पता लगाया जा सके।
WhatsApp स्टेटस में लिखी थी हत्या की बात
मामले में आरोपी के WhatsApp स्टेटस ने पुलिस की जांच को एक अहम सुराग दिया। बताया जा रहा है कि मानस ने स्टेटस में पत्नी पर उसे धोखा देने का आरोप लगाया था। इसके साथ ही उसने पत्नी की हत्या करने, अपनी बहन को मारने और खुद आत्महत्या करने की बात भी लिखी थी।
पुलिस अब इस स्टेटस और आरोपी के मोबाइल फोन से जुड़े डिजिटल सबूतों की भी जांच कर रही है।
Image Source : REPORTER INPUTआरोपी का स्टेटस

