दुर्गापुर। तृणमूल कांग्रेस सांसद कीर्ति आजाद ने एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी I.N.D.I.A ब्लॉक की अध्यक्ष बनेंगी। जो भी ममता बनर्जी के खिलाफ चुनाव लड़ने पश्चिम बंगाल आएगा, उसे हार का सामना करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा मुझे पूरा विश्वास है कि आने वाले समय में दीदी I.N.D.I.A ब्लॉक की अध्यक्ष बनेंगी। वह देश का नेतृत्व भी करेंगी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत के बयान पर भी कीर्ति आजाद ने प्रतिक्रिया दी।
भागवत ने कहा था कि हिंदू भारतीय समाज को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस पर TMC सांसद ने कहा कि RSS और BJP के पास सिर्फ जुमले हैं और उनका काम लोगों को गुमराह करना है।
‘अंग्रेजों के साथ थे RSS के लोग’
कीर्ति आजाद ने कहा, “RSS के लोग शुरूआत से ही अंग्रेजों के साथी थे। उन्होंने देश के बंटवारे में भूमिका निभाई। दुनिया उनके बारे में जानती है। वे धर्म के नाम पर एकजुट होते हैं। मगर जब आप उनसे पूछें कि RSS या बीजेपी ने क्या किया तो उनके पास सिर्फ जुमले हैं। लोगों को गुमराह करना उनका काम है।”
क्या कहा था भागवत ने?
पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान जिले में रविवार को मोहन भागवत ने संघ के स्वयंसेवकों को संबोधित किया। यहां उन्होंने हिंदू समाज की विविधता और स्वभाव पर जोर दिया और सभी से इस विविधता को स्वीकार कर आगे बढ़ने की अपील की।
संघ प्रमुख ने कहा कि संघ क्या करना चाहता है? अगर इस सवाल का जवाब एक वाक्य में देना है तो संघ पूरे हिंदू समाज को एकजुट करना चाहता है। हिंदू समाज को एकजुट क्यों करें? क्योंकि हिंदू इस देश के समाज के लिए जिम्मेदार हैं।
भारत के स्वभाव को न मानने वालों ने अलग देश बनाया
भागवत ने कहा कि भारत का स्वभाव अलग है। भारत की अलग प्रकृति को न मानने वाले लोगों ने अपना अलग देश (पाकिस्तान) बना लिया है। जो लोग नहीं गए। वह सभी भारत के स्वभाव के पक्षधर थे। उन्होंने कहा कि भारत का यह स्वभाग आज का नहीं है। न ही यह 15 अगस्त 1947 में बना। यह उससे भी अधिक प्राचीन है।
भागवत ने कहा कि दुनिया को आखिरकार यह एहसास हो गया है कि हिंदुओं ने हमेशा दुनिया की विविधता को स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि जब दुनिया के इतिहास ने इस भूभाग की ओर देखा तो पूरे क्षेत्र में एक समान स्वभाव मिला, जो यह है कि हिंदू दुनिया की विविधता को स्वीकार करके आगे बढ़ते हैं।