‘लाश’ का राज: बोरी में मिली थी महिला की लाश, एआई तस्वीर से शिनाख्त की कोशिश, पहचान बताने वाले को 25 हजार इनाम

2 Min Read
‘लाश’ का राज: बोरी में मिली थी महिला की लाश, एआई तस्वीर से शिनाख्त की कोशिश, पहचान बताने वाले को 25 हजार इनाम

फतेहपुर जिले में कोतवाली क्षेत्र के इस्कुरी गांव के सामने हाईवे किनारे सर्विस लेन से पीले रंग की बोरी में मिले महिला के शव की पांच दिन बाद भी शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव का सोमवार को पोस्टमार्टम कराया था। महिला की पहचान नहीं होने पर एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने 25 हजार का इनाम घोषित किया है।

कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर इस्कुरी किनारे पीली बोरी से 12 जून को महिला का शव मिला था। खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन पर अलग-अलग सात टीमें गठित हैं। पुलिस टीमें सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला है।

एसपी ने 25 हजार का इनाम घोषित किया
पोस्टमार्टम में महिला के सिर में किसी भारी वस्तु से चोट पहुंचाने से मौत होने का पता लगा है। डॉक्टर ने दुष्कर्म की आशंका भी जताई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। पहचान नहीं होने से एसपी ने 25 हजार का इनाम घोषित किया है। एसपी ने बताया कि महिला के बारे में जानकारी देने वाले को 25 हजार का इनाम दिया जाएगा।

सोशल मीडिया पर वायरल की जा रही एआई से तैयार तस्वीर
पुलिस की ओर से एआई तकनीक से तैयार कराई गई मृतका की तस्वीर को जिले समेत आसपास के जनपदों के व्हाट्सएप ग्रुपों और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया जा रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि तस्वीर सामने आने के बाद मृतका के परिजन अथवा उसे जानने वाले लोग पहचान कर सूचना देंगे।

पहचान के लिए लगातार प्रयास
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। कोतवाली प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि मृतका की पहचान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में एआई जनित तस्वीर तैयार कराकर सार्वजनिक की गई है। साथ ही पहचान बताने वाले के लिए 25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा भी की गई है।

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version