वंदे मातरम् को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच जारी विवाद के बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को ‘राहुल मियां’ कहकर संबोधित किया और उन पर भारतीय संस्कृति न समझने का आरोप लगाया। नितिन नवीन उत्तराखंड के दौरे पर हैं और बुधवार को हल्द्वानी में आयोजित भाजपा की विस्तारित राज्य कार्यसमिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे, जब उन्होंने यह टिप्पणी की।
क्या कहा नितिन नवीन ने
अपने संबोधन में नितिन नवीन ने कहा, “इस देश में ऐसे भी दल के लोग हैं जो वंदे मातरम् कहने में भी शर्मिंदगी महसूस करते हैं। मैं राहुल मियां से कहता हूं, मित्रों कि राहुल जी आप वंदे मातरम् का महत्व समझ ही नहीं सकते। क्योंकि आपने कहीं ना कहीं भारतीय संस्कृति के महत्व को ही नहीं समझा। आप तो विदेशी संस्कृति में पले और बढ़े हैं। जिस वंदे मातरम् की गूंज से हजारों लाखों बलिदानियों ने अपना बलिदान दिया, इस देश की मिट्टी के लिए, देश की आजादी के लिए। उस वंदे मातरम् का पूरा गान करने से आपकी माताश्री और आपकी पार्टी अपमानित महसूस करती है। इस कांग्रेस को तो निश्चित रूप से हमें समाप्त कर देना चाहिए मित्रों।”
नितिन नवीन के इस बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में प्रतिक्रियाएं शुरू हो गई हैं। कुछ पर्यवेक्षकों का मानना है कि राहुल गांधी को ‘मियां’ कहकर संबोधित करना कोई अनायास टिप्पणी नहीं, बल्कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की हिंदुत्व-केंद्रित रणनीति का संकेत है। इसी बैठक में नितिन नवीन ने कांग्रेस पर तुष्टिकरण, सीमा सुरक्षा और दलित समाज को लेकर भी सवाल खड़े किए और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को भी निशाने पर लिया।
क्या है पूरा वंदे मातरम् विवाद
हाल ही में संसद से वंदे मातरम् से जुड़ा एक विधेयक पास हुआ था, जिसके अनुसार राष्ट्रगीत के सभी छह अंतरों का गायन अनिवार्य करने का प्रावधान किया गया है। बीते 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले पर भी वंदे मातरम् का गायन हुआ था। इसके उलट, कांग्रेस ने ऐलान किया था कि उसके नेता राष्ट्रगीत के छह पैराग्राफ में से केवल दो पैराग्राफ ही गाएंगे, पूरा गीत नहीं गाएंगे। इसी रुख को लेकर भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर लगातार हमले तेज किए हैं। भाजपा मुख्यालय में हुई एक अन्य प्रेस वार्ता में भी नितिन नवीन ने वंदे मातरम् के पूर्ण गायन पर विपक्ष के विरोध को शहीदों का अपमान बताया था।
उत्तराखंड चुनाव पर निशाना
हल्द्वानी की बैठक मूल रूप से उत्तराखंड में पार्टी संगठन को मजबूत करने और 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर बुलाई गई थी। नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विश्वास जताया कि “कार्यकर्ताओं के उत्साह और समर्पण को देखकर मुझे पूर्ण विश्वास है कि 2027 में उत्तराखंड में भाजपा जीत की ऐतिहासिक हैट्रिक लगाने जा रही है।” उन्होंने बैठक में राज्य सरकार द्वारा लागू की गई समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को भी पार्टी की बड़ी उपलब्धि बताया और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सराहना की।
गौरतलब है कि कांग्रेस की ओर से नितिन नवीन के इस बयान पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

