नई दिल्ली। 8 फरवरी को चुनाव परिणाम घोषित होने के 11 दिन बाद आज बुधवार को अंतत: दिल्ली को नया मुख्यमंत्री मिल जाएगा। भाजपा के सभी 48 नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक आज शाम को होगी, जिसमें विधायक दल का नेता चुना जाएगा।
भाजपा संसदीय दल की बैठक संपन्न
इससे पूर्व आज भाजपा संसदीय दल की बैठक हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस बैठक में मौजूद रहे। बैठक में दिल्ली के मुख्यमंत्री के लिए पर्यवेक्षकों के नाम तय किए गए। आज शाम 7 बजे दिल्ली भाजपा विधायक दल की बैठक बुलाई गई है।
रविशंकर प्रसाद, ओपी धनखड़ बने पर्यवेक्षक
भाजपा के संसदीय बोर्ड ने दिल्ली प्रदेश में पार्टी विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त कर दिए हैं। रविशंकर प्रसाद, ओपी धनखड़ को पर्यवेक्षक बनाया गया है। इन्हीं की उपस्थित में शाम को भाजपा विधायक दल की बैठक होगी।
रामलीला मैदान में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम
बता दें कि कल गुरुवार 20 फरवरी को रामलीला मैदान में होने वाले शपथ ग्रहण कार्यक्रम के लिए भव्य तैयारियां की गई हैं। शपथ ग्रहण के मद्देनज़र दिल्ली पुलिस ने समारोह स्थल की सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं।
कई राज्यों के मुख्यमंत्री हो सकते हैं शामिल
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा भाजपा-एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के रहने की भी उम्मीद जताई जा रही है। ऐसे में दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया है।
चर्चा में हैं ये नाम
भाजपा सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री के लिए प्रवेश वर्मा, विजेंद्र गुप्ता, सतीश उपाध्याय, पवन शर्मा, आशीष सूद, रेखा गुप्ता, शिखा राय, रवींद्र इंद्राज सिंह व कैलाश गंगवाल के नामों की चर्चा है।
यह भी कहा जा रहा है कि भाजपा नए चेहरे को मुख्यमंत्री बनाकर चौंका सकती है। राजस्थान, हरियाणा, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में इस तरह की परिपाटी देखने को भी मिली है।