उत्तर प्रदेश के जौनपुर की मछलीशहर लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी की युवा सांसद प्रिया सरोज और टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह की शादी की तारीख सामने आ गई है। आठ जून को लखनऊ में दोनों की रिंग सेरेमनी है। सगाई में विराट कोहली, राहुल द्रविड़ और गौतम गंभीर को न्योता दिया गया है।
भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्य रिंकू सिंह और मछलीशहर से समाजवादी पार्टी की युवा सांसद प्रिया सरोज की सगाई लखनऊ में आठ जून को होगी। जबकि शादी 18 नवंबर 2025 को वाराणसी के होटल ताज से होगी। इसमें क्रिकेट के सितारे, फिल्म जगत की हस्तियों और उद्योगपतियों का जमवाड़ा रहेगा। सगाई में उत्तर प्रदेश के क्रिकेटर और केकेआर के खिलाड़ी शामिल होंगे। भारतीय क्रिकेट टीम के प्रशिक्षक गौतम गंभीर, विराट कोहली, राहुल द्रविड़, अभिषेक नायर सहित क्रिकेटर सितारे को भी न्योता दिया है। सगाई की तारीख तय होते ही रिंकू सिंह के परिजनों ने खरीदारी शुरू कर दी है।
सगाई में रिंकू सिंह स्टाइलिश कोट-पैंट पहनेंगे। यह कपड़े सेंटर प्वाइंट स्थित एक नामचीन दर्जी ने सिले हैं। दुल्हन के लिए शगुन के तौर पर बड़े शोरूम से आभूषण भी खरीदे जा रहे हैं। साड़ियां भी खरीदी गई हैं। सगाई से पहले शनिवार को रिंकू सिंह कैंची धाम में आशीर्वाद भी लेने गए हैं। उनके परिवार में सगाई और शादी को लेकर तैयारियां चल रही हैं।
दुल्हन के लिए खरीदा था 3.5 करोड़ का घर
शादी के लिए रिंकू ने ओजोन सिटी में 3.5 करोड़ रुपये से आशियाना खरीदा था। नवंबर 2024 में इसका गृह प्रवेश हुआ था, जिसमें सांसद के परिजन आए थे। नवंबर में सांसद प्रिया सरोज आशियाना देखने आई थीं। वह महुआखेड़ा स्थित मैदान पर गई थीं, जहां रिंकू सिंह अभ्यास करते हैं।
इस आशियाने में स्वीमिंग पूल भी
प्रिया सरोज ने आशियाना के इंटीरियर में कुछ बदलाव भी किया था। आशियाने में छह बेडरूम हैं। इस आशियाने में स्वीमिंग पूल भी है। सपा सांसद प्रिया सरोज पेशे से अधिवक्ता हैं। प्रिया और रिंकू एक दूसरे को पहले से जानते हैं। तूफानी सरोज ने बताया कि प्रिया की सहेली के पिता क्रिकेटर हैं। उनके जरिये ही रिंकू और प्रिया की जान-पहचान हुई थी।
अलीगढ़ के साधारण परिवार में हुआ रिंकू सिंह का जन्म
रिंकू सिंह का जन्म 12 अक्तूबर 1997 को अलीगढ़ के बेहद साधारण परिवार में हुआ। उनके पिता खानचंद्र गैस एजेंसी पर सिलिंडर वितरण का काम करते थे। उन्होंने खुद शुरुआत में सिलिंडर वितरण के काम में पिता का हाथ बंटाया और गरीबी से लड़ते हुए क्रिकेट के मैदान पर अपनी जगह बनाई।
साल 2023 में किया शानदार प्रदर्शन
सबसे पहले डीपीएस के मैदान पर आयोजित इंटरनेशनल स्कूली विश्वकप में मैन ऑफ द सीरीज का खिताब जीतकर सुर्खियां बटोरीं। क्रिकेट के जानकारों का ध्यान जब उनकी ओर गया तो उनका सफर शुरू हुआ और वह आईपीएल में पहुंचे। इसी दौरान केकेआर की ओर से खेलते हुए 2023 में शानदार प्रदर्शन के बाद वे देश में चर्चित हुए।
केकेआर ने 13 करोड़ रुपये में किया रिटेन
फिर इंटरनेशनल टी-20 क्रिकेट टीम के सदस्य बने और एकदिवसीय टीम में स्थान पाया। अब उनकी संपत्ति करोड़ों में पहुंच गई है। आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में केकेआर ने उन्हें 13 करोड़ रुपये में रिटेन किया था।
2024 की शुरुआत में थी आठ करोड़ की संपत्ति
रिंकू सिंह को पहली बार 2017 में किंग्स इलेवन पंजाब ने 10 लाख रुपये में खरीदा था। हालांकि उस टूर्नामेंट में उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला। 2018 में कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें 80 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था।
करीब 60 से 80 लाख रुपये सालाना कमाई
अब उनकी सालाना कमाई करीब 60 से 80 लाख रुपये बताई जाती है। 2024 में रिंकू सिंह की कुल संपत्ति का अंदाजा करीब 8 करोड़ रुपये लगाया गया था। जिसमें पिछले साल अच्छी खासी बढ़ोतरी हुई है।