Saharanpur: नगीना सांसद चंद्रशेखर और भीम आर्मी के अध्यक्ष विनय रतन हाउस अरेस्ट, लालवाला जाने का किया था एलान

3 Min Read
Saharanpur: नगीना सांसद चंद्रशेखर और भीम आर्मी के अध्यक्ष विनय रतन हाउस अरेस्ट, लालवाला जाने का किया था एलान

देवबंद के लालवाला जा रहे नगीना सांसद और आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद को रविवार तड़के चार बजे पुलिस ने उनके छुटमलपुर स्थित आवास पर हाउस अरेस्ट कर लिया। सांसद चंद्रशेखर आजाद रात 11 बजे अपने आवास पहुंचे थे। उन्होंने कल ही लालवाला जाने की बात कही थी। इसके मद्देनजर कई थानों की पुलिस के साथ अधिकारी यहां पहुंच गए। 

पुलिस की घेराबंदी की सूचना मिलते ही भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के समर्थक संसद के छुटमलपुर आवास पर पहुंच गए। हालांकि सुबह 10 बजे तक चंद्रशेखर अपने किसी समर्थक से नहीं मिले और घर के अंदर ही थे। इसके साथ ही भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन को भी पुलिस ने उनके फतेहपुर भादो स्थित आवास पर हाउस अरेस्ट कर रखा है। अपने नेताओं को हाउस अरेस्ट किए जाने पर समर्थकों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ आक्रोश है।  बता दें कि शनिवार को देवबंद के लालवाला में जमीन के विवाद को लेकर ठाकुरों और अनुचित समाज के लोगों में संघर्ष हो गया था। इसे लेकर ही सांसद चंद्रशेखर आजाद ने वहां जाने की घोषणा की थी।

ये था मामला
देवबंद कोतवाली क्षेत्र के गांव लालवाला में स्थित दो बीघा जमीन को लेकर रविंद्र राणा और नरेश कुमार के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। शनिवार को एक पक्ष ने जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया, तो दूसरे पक्ष ने इसका कड़ा विरोध किया। देखते ही देखते कहासुनी पथराव में बदल गई। बवाल से गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। स्थिति बिगड़ती देख जनपद के कई थानों का फोर्स और पीएसी को बुलाना पड़ा।

दलित पक्ष ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भीड़ को तितर-बितर करने के नाम पर उन पर एकतरफा लाठीचार्ज किया गया। जबकि ठाकुर पक्ष का कहना है कि जमीन उन्होंने खरीदी हुई है। वहीं, बवाल में घायल हुए सुलेंद्र कुमार, नीरज, आकाश, राजकुमार, योगेश, सिब्बो, कलावती और सविता को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एसपी देहात मयंक पाठक का कहना था कि लालवाला गांव में जमीन के स्वामित्व को लेकर दो पक्षों के बीच हल्का पथराव हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में किया। प्रकरण में जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version