UP: हापुड़ बवाल में आठ नामजद सहित कई पर केस, दंगा और पथराव में कसा शिकंजा; दो समुदायों में तनाव फैलाने का आरोप

3 Min Read
UP: हापुड़ बवाल में आठ नामजद सहित कई पर केस, दंगा और पथराव में कसा शिकंजा; दो समुदायों में तनाव फैलाने का आरोप

हापुड़ के धौलाना थाना इलाके के देहरा गांव में महाराणा प्रताप जयंती रैली के दौरान हुए बवाल में पुलिस ने आठ नामजद समेत कई अज्ञात लोगों पर दंगा, पथराव, मारपीट, जानलेवा हमला, धमकी और सांप्रदायिक तनाव फैलाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है। 

घटना के बाद गांव में पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, रैली के समापन के बाद देहरा गांव में जाहिद की परचून की दुकान पर सामान लेने को लेकर विवाद भड़क गया था। 

कुछ ही देर में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और गाली-गलौज के बाद जमकर मारपीट और पथराव शुरू हो गया। घटना से मौके पर भगदड़ मच गई और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। 

पुलिस का आरोप है कि दोनों पक्षों के लोगों ने शांति व्यवस्था बिगाड़ते हुए एक-दूसरे पर हमला किया और जान से मारने की धमकी दी। मामले में देहरा गांव निवासी नेक मोहम्मद, नौशेर, जाहिद, महताब, दानिश और सरफराज को नामजद किया गया है।

वहीं, सपनावत निवासी गौरव और छज्जूपुर निवासी अंकित राणा की भूमिका भी जांच के घेरे में है। पुलिस का कहना है कि दोनों के छत पर चढ़कर दूसरे पक्ष के लोगों से मारपीट करने की जानकारी मिली है।

फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उनकी भूमिका की तस्दीक की जा रही है। इनके साथ अन्य अज्ञात लोगों के शामिल होने की भी जानकारी सामने आई है। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और मोबाइल वीडियो की जांच कर रही है। फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

सीओ अनीता चौहान ने बताया कि बवाल में शामिल आठ लोगों को नामजद करते हुए गंभीर आरोपों में रिपोर्ट दर्ज की गई है। फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर अन्य लोगों की पहचान भी कराई जा रही है। माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version