संभल। संभल के दबथरा हिमंचल गांव में सोमवार की दोपहर करीब एक बजे मेहमान बनकर आए बाइक सवार तीन लोगों ने भाजपा के वरिष्ठ नेता व प्रधान पति गुलफाम सिंह यादव (66) की पेट में जहरीला इंजेक्शन मार कर हत्या कर दी। पुलिस को मौके से हत्यारों का हेलमेट और सिरिंज की निडिल मिली है। फोरेंसिक टीम ने नमूने लिए हैं।
मुलायम सिंह यादव के खिलाफ लड़ा था चुनाव
गुलफाम सिंह ने कई वर्ष पहले लेखपाल का पद त्याग कर पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव के मुकाबले वर्ष 2004 में गुन्नौर विधानसभा से भाजपा से चुनाव लड़ा था। वह भाजपा में संभल विधानसभा क्षेत्र प्रभारी के पद पर थे।
ये है घटनाक्रम
सोमवार दोपहर करीब एक बजे गुलफाम सिंह पशुओं की देखभाल के लिए घेर में आराम कर रहे थे। उसी समय बाइक से तीन लोग पहुंचे और उनसे दुआ सलाम करने के बाद कुर्सी पर बैठ गए। गुलफाम ने तीनों का हालचाल लिया और पानी भी पिलाया।
इसके बाद गुलफाम सिंह चारपाई पर लेट गए। तभी एक युवक ने इंजेक्शन निकाल कर उनके पेट पर घोंप दिया। इसके बाद तीनों भाग निकले। जल्दबाजी में हत्यारोपी अपना हेलमेट मौके पर ही छोड़ गए। हमलावर घेर के बाहर इंजेक्शन की सिरिंज का निडिल कवर फेंक गए।
हमलावरों के जाने के बाद गुलफाम सिंह ने घेर से बाहर आकर आंगनबाड़ी केंद्र पर कार्य कर रहे मजदूरों को जानकारी दी। मजदूरों ने भाजपा नेता को निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। चिकित्सक ने अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन उन्हें अलीगढ़ अस्पताल ले गए, लेकिन इलाज से पहले ही उनकी मौत हो गई।
बेटा ब्लॉक प्रमुख तो पत्नी तीन बार की ग्राम प्रधान
गुलफाम सिंह यादव का बड़ा पुत्र दिव्य प्रकाश पूर्व में भाजपा से ब्लाक प्रमुख रह चुका है। वहीं, पत्नी जावित्री देवी लगातार तीन बार प्रधान रह चुकी हैं। वर्तमान में भी प्रधान हैं।
संभल के SP कृष्ण कुमार विश्नोई ने कहा प्रधान पति गुलफाम सिंह का अलीगढ़ में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। हत्यारों की तलाश में सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। पुलिस को कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। जल्दी ही वारदात का अनावरण किया जाएगा।