यूपी में छह की मौत: जोरदार धमाके संग कई फीट दूर गिरे ऑटो, सड़क पर बिखर गईं लाशें; भीड़ ने कंटेनर पर किया पथराव

3 Min Read
यूपी में छह की मौत: जोरदार धमाके संग कई फीट दूर गिरे ऑटो, सड़क पर बिखर गईं लाशें; भीड़ ने कंटेनर पर किया पथराव

उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में शनिवार को बड़ा सड़क हादसा हुआ। कंटेनर चालक ने दो ऑटो में टक्कर मार दी। हादसे में छह लोगों की मौत हो गी। भीषण हादसा आगरा-जलेसर मार्ग पर हुआ। हादसे में छह लोग घायल हुए हैं। मृतकों में हाथरस के धाधऊ गांव के पांच लोग शामिल हैं। आगरा के थाना खंदौली इलाके के ग्राम नगला चंदन के पास आगरा-जलेसर मार्ग पर शनिवार पूर्वाह्न 11:30 बजे नशे में धुत 80 किमी. की रफ्तार से कंटेनर चला रहे चालक ने सवारियों से भरे दो ऑटो में सामने से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों ऑटो हवा में उछलकर सड़क किनारे बने गड्ढों में पेड़ों के बीच जा गिरे। एक ऑटो में सवार पांच श्रद्धालुओं और चालक की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए। 

वहीं दूसरे ऑटो में बैठे चार लोग घायल हो गए। घायलों को एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी और कालिंदी विहार के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चार की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद लंबा जाम लग गया।

हाथरस के धाधऊ गांव निवासी रामअवतार (70) ने बताया कि गांव के आठ लोगों के साथ वह 20 जनवरी को धार्मिक यात्रा पर निकले थे। जगन्नाथपुरी से दर्शन के बाद चित्रकूट पहुंचे थे, जबकि उनके एक साथी हरिहर जबलपुर में ही रुक गए थे। चित्रकूट से महाकौशल एक्सप्रेस से शनिवार सुबह आठ लोग आगरा कैंट स्टेशन पहुंचे। 

गांव के बृजमोहन उर्फ बिज्जो (52), धनप्रसाद (60), लखमीचंद्र (62), देवकीन देवकीनंदन उर्फ बिल्ला मिस्त्री (60), विजय सिंह (62), रनवीर (75) और उदयवीर सिंह (60) कैंट स्टेशन पर उतर गए जबकि रामअवतार राजामंडी स्टेशन तक गए। सात लोगों ने कैंट स्टेशन से सादाबाद के लिए आजमपाड़ा, शाहगंज निवासी शाहिद (40) का ऑटो बुक किया था। चालक रामबाग होते हुए सवारियों को लेकर टेढ़ी बगिया से जलेसर रोड पर आया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गांव नगला चंदन के पास एक ऑटो श्रद्धालुओं के ऑटो से आगे चल रहा था। तभी शाहिद ने ऑटो को ओवरटेक करने का प्रयास किया। जलेसर से आगरा की ओर तेज रफ्तार से आ रहे कंटेनर ने दोनों ऑटो को एक के बाद एक टक्कर मार दी। धमाके की आवाज के साथ दोनों ऑटो कई फीट उछलकर सड़क किनारे गड्ढे में पेड़ों के बीच जा गिरे। 

लोगों ने पीछा कर कंटेनर पर पथराव किया
दोनों के परखच्चे उड़ गए। आसपास के दुकानदार और राहगीर दौड़ पड़े। वहीं, चालक कंटेनर लेकर भागने लगा। लोगों ने पीछा कर कंटेनर पर पथराव कर दिया, तब चालक अवनीश निवासी खेरगढ़ शिकोहाबाद ने कंटेनर रोका। लोगों ने कहा- वह नशे की हालत में था। ठीक से बोल भी नहीं पा रहा था। बाद में पुलिस ने आकर उसे हिरासत में लिया।

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version