लखनऊ: राजधानी लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम और पुलिस की टीम पर हमला किए जाने से हड़कंप मच गया। बादल खेड़ा-बुद्धेश्वर इलाके में कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों ने विरोध शुरू कर दिया और देखते ही देखते मामला बवाल में बदल गया। आरोप है कि भीड़ ने टीम पर पथराव किया, मारपीट की और एक सब इंस्पेक्टर का गला दबाने की कोशिश की।
मामले में पुलिस ने नगर निगम की तहरीर पर 15 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस अब तक दो महिलाओं समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, बलवा, सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट और धमकी समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम का लोगों ने किया विरोध
बताया जा रहा है कि नगर निगम और पुलिस की टीम सरकारी जमीन और सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए बादल खेड़ा इलाके में पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया।
पहले टीम और स्थानीय लोगों के बीच बहस हुई और इसके बाद स्थिति बिगड़ गई। आरोप है कि भीड़ ने नगर निगम कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया। हमले में कुछ पुलिसकर्मियों और नगर निगम कर्मचारियों के घायल होने की बात भी एफआईआर में दर्ज है।
दरोगा का गला दबाने की कोशिश, जंजीर से भी हमला
पुलिस के मुताबिक, बवाल के दौरान एक सब इंस्पेक्टर के साथ भी मारपीट की गई और उनका गला दबाने की कोशिश की गई। आरोप है कि हमलावरों ने पुलिस टीम पर लोहे की जंजीर से भी हमला किया।
पुलिस ने मौके से लोहे की जंजीर बरामद कर ली है और उसे मामले में साक्ष्य के तौर पर रखा गया है।
15 आरोपियों पर मुकदमा, 6 गिरफ्तार
पारा थाना पुलिस ने नगर निगम की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर कुल 15 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी है।
अब तक दो महिलाओं समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस व प्रशासनिक टीम पर हमला करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस कमिश्नर (पश्चिमी) कमलेश दीक्षित के मुताबिक, सरकारी जमीनों और सड़कों से अवैध डेयरी समेत अन्य अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई चल रही है। इसी अभियान के दौरान पारा क्षेत्र में टीम पर हमला किया गया। उन्होंने बताया कि एक सब इंस्पेक्टर का गला दबाने का प्रयास किया गया और जंजीर से भी हमला किया गया।
सरकारी जमीनों से हटाया जा रहा अतिक्रमण
लखनऊ में सरकारी जमीन और सड़कों पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन और नगर निगम की कार्रवाई लगातार जारी है। अधिकारियों का कहना है कि अभियान के दौरान किसी भी तरह की बाधा या सरकारी टीम पर हमला करने वालों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक टीमों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब एफआईआर में नामजद और अन्य संदिग्ध आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
