तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के परिणाम काफी चौंकाने वाले देखने को मिले हैं। पहली बार पार्टी बनाकर चुनाव मैदान में उतरे सुपरस्टार विजय की पार्टी TVK सत्ता हासिल करने के बेहद करीब पहुंच गई है। ये तमिलनाडु की राजनीति में बहुत बड़ा बदलाव माना जा रहा है। सत्ताधारी दल डीएमके के प्रमुख एमके स्टालिन और उनके बेटे उदयनिधि स्टालिन भी खबर लिखे जाने तक अपनी सीटों से पीछे चल रहे हैं। विजय की पार्टी के इस प्रदर्शन को बड़ा उलटफेर माना जा रहा है। अब विजय के इस प्रदर्शन को लेकर उनके माता-पिता का बयान भी सामने आया है। आइए जानते हैं कि उन्होंने अपने बेटे की इस जीत पर क्या कहा।
क्या बोले विजय के माता-पिता?
TVK प्रमुख और अभिनेता विजय के परिवार ने अपने आवास पर सीटी बजाकर जश्न मनाया, क्योंकि पार्टी राज्य में अपनी बढ़त बनाए हुए है। राज्य विधानसभा चुनाव में आगे चल रही टीवीके पार्टी के बारे में एक्टर विजय के पिता एसए चंद्रशेखर ने कहा- “निश्चित रूप से, वह तमिलनाडु में बड़ा बदलाव लाएंगे।” टीवीके प्रमुख विजय की मां शोभा चंद्रशेखर ने कहा- “मैं बेहद खुश हूं।” तो वहीं, विजय के पिता एसए चंद्रशेखर ने कहा- “वह सिर्फ उनकी मां ही नहीं हैं। वह विजय की सबसे बड़ी प्रशंसक हैं। वह बेहद खुश हैं।”
विजय की बहन ने क्या कहा?
तमिलनाडु की कुल 234 सीटों में से 109 सीटों पर आगे चल रही TVK के बारे में विजय की बहन ने कहा- “वे एक युवा और एनर्जेटिक इंसान हैं और तमिलनाडु में हर कोई उनसे सबसे बड़े बदलाव की उम्मीद कर रहा है और निश्चित रूप से हमें विश्वास है कि वे सभी में सबसे अच्छा कर सकते हैं। अपनी आखिरी स्पीच में, उन्होंने कहा कि लोग मुझ पर इतना विश्वास करते हैं, चुनाव से पहले वे जो बोलते हैं, वह निश्चित रूप से पक्का करेंगे कि वह हो, यह एक बहुत बड़ी जीत है।”
विजय दोनों सीट जीत रहे
विजय की पार्टी TVK ने तमिलनाडु की 234 में से 233 सीटों पर चुनाव लड़ा। विजय ने खुद चेन्नई के पास पेराम्बूर और त्रिची ईस्ट से चुनाव लड़ा और विजय दोनों सीट जीत रहे हैं। तमिलनाडु में 5 करोड़ 73 लाख वोटर में से 2 करोड़ 93 लाख करोड़ वोटर्स महिला हैं। यही TVK का कोर सपोर्ट बेस है। AIADMK को भी महिला वोटर्स के समर्थन से फायदा हुआ है। कुल मिलाकर तमिलनाडु में युवा और महिलाओं ने DMK को रिजेक्ट कर दिया है। सेलम जिले में TVK ने एक निर्दलीय का समर्थन किया क्योंकि उनके उम्मीदवार का नामांकन टेक्निकल ग्राउंड पर रद्द हो गया था।

