दर्दनाक हादसा! मौरंग से लदे बेकाबू डंपर ने खड़े डंपर में मारी टक्कर, दो सगे भाइयों की हो गई मौत

2 Min Read
दर्दनाक हादसा! मौरंग से लदे बेकाबू डंपर ने खड़े डंपर में मारी टक्कर, दो सगे भाइयों की हो गई मौत

Kanpur Road Accident News: यूपी में कानपुर के नौबस्ता स्थित एलिवेटेड पुल पर आज (शनिवार को) एक भीषण सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 4:30 बजे मौरंग से लदा एक डंपर, पुल पर खराब खड़े दूसरे डंपर में पीछे से जा घुसा। ये टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों भाई डंपर के केबिन में बुरी तरह फंस गए।

मौरंग लादकर उन्नाव जा रहे थे दोनों भाई मृतकों की पहचान जालौन के कालपी क्षेत्र के छौंक निवासी 27 वर्षीय कमलकांत और 25 वर्षीय दीपक के रूप में हुई है। दोनों भाई कालपी से मौरंग लादकर उन्नाव जा रहे थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और पुल पर करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया।

दोनों भाई केबिन में फंसे जिदंगी के लिए जूझते रहे

सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। करीब तीन घंटे तक दोनों भाई केबिन में फंसे जिंदगी के लिए जूझते रहे। पुलिस और स्थानीय लोगों ने उन्हें निकालने की कोशिश की, लेकिन केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी।

केबिन से निकालने से पहले ही हो गई दोनों की मौत

बाद में दो क्रेनों की मदद से दोनों डंपरों को अलग किया गया और केबिन को काटकर दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, हनुमंत विहार थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह के अनुसार, खड़े डंपर में पीछे से टक्कर मारने के कारण यह हादसा हुआ। पुल पर फैली मौरंग को हटाकर यातायात को बाद में सुचारू कराया गया। लोगों से सड़क पर सीमित रफ्तार में चलने और सावधानी बरतने की अपील की गई है।

Share This Article
Leave a Comment

Please Login to Comment.

Exit mobile version