आगरा के थाना एत्माद्दौला के सीतानगर में शादी होकर आई दुल्हन दूल्हे को नशीला पदार्थ सुंघाकर ससुराल से नकदी और जेवरात ले गई। पीड़ित ने बिचौलिये और दुल्हन सहित पांच के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
सीतानगर निवासी कुसुमा ने पुलिस को बताया कि वह बेटे की शादी के लिए लड़की देख रहे थे। इसी बीच उनकी मुलाकात एक व्यक्ति जयप्रकाश से हुई। उसने शर्त रखी कि शादी का खर्चा उठाना होगा। शादी के लिए जयप्रकाश चार मई को 1.20 लाख रुपये ले गया। उसी दिन शाम को नगला पदी के महादेव मंदिर में बेटे की शादी करा दी।
रात को दुल्हन विदा होकर घर आ गई। रात करीब दो बजे उसने बेटे को नशीला पदार्थ सुंघा दिया। घर से 1.30 लाख और जेवर लेकर फरार हो गई। इस बारे में बिचाैलिये को बताया। उसने दूसरी शादी कराने की बात कहकर टाल दिया। जानकारी जुटाई तो पता चला यह पूरा गिरोह है, जो शादी के नाम पर लोगों को ठगने का कार्य करता है। मामले में पुलिस जांच कर रही है।