आगरा में मानसून की दस्तक का इंतजार कर रहे लोगों को फिलहाल भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विज्ञान विभाग की ओर से मानसून के आगमन के साथ ही आंधी और बूंदाबांदी की संभावना जताए जाने के बावजूद मौसम के मिजाज में कोई नरमी नहीं दिखी।
शुक्रवार को दिनभर चिलचिलाती धूप और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 28.9 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह से ही तीखी धूप के कारण लोग पसीने से तर-बतर नजर आए।
छुट्टी और धूप के चलते बाजारों व सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में भीड़ कम रही। गर्मी के साथ बढ़ी उमस ने बेचैनी और ज्यादा बढ़ा दी है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि शनिवार को भी आसमान साफ रहेगा और तीखी धूप का सिलसिला जारी रह सकता है।

