देहरादून: उत्तराखंड के देहरादून में सड़क पर दो वाहनों को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट और हथियार लहराने तक पहुंच गया। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाइसेंसी .32 बोर पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, घटना में इस्तेमाल डंडा और फॉर्च्यूनर कार बरामद की है।
गाड़ी हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार रात नेक्स्ट हॉस्टल के पास सड़क पर वाहनों को हटाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। बात बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति हाथ में डंडा लिए नजर आया, जबकि दूसरे के हाथ में पिस्टल दिखाई दी।
जांच के दौरान पुलिस ने एक आरोपी की पहचान झाझरा निवासी गौरव के रूप में की। पूछताछ में गौरव ने बताया कि उसने फॉर्च्यूनर चालक से सड़क से गाड़ी हटाने को कहा था। इसी बात पर विवाद बढ़ गया और उसने डंडे से हमला कर दिया।
पिस्टल निकालकर धमकाने का आरोप
इसके बाद फॉर्च्यूनर चालक नीरज राजपूत और उसका साथी मनीष नेगी मौके पर पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने गौरव को पिस्टल दिखाकर धमकाया और उसके साथ गाली-गलौज व मारपीट की।
पुलिस को जानकारी मिली कि नीरज और मनीष उपचार के लिए ग्राफिक एरा अस्पताल पहुंचे हैं। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से वीडियो में दिखाई गई लाइसेंसी पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
प्रेमनगर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक स्थान पर मारपीट, हुड़दंग कर शांति व्यवस्था भंग करने, घातक हथियार का प्रदर्शन कर लोगों की जान को खतरे में डालने और लाइसेंसी हथियार के दुरुपयोग के संबंध में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, बरामद .32 बोर पिस्टल नीरज राजपूत के नाम पर लाइसेंसी है। पुलिस ने उसके शस्त्र लाइसेंस को निरस्त करने के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपी
- गौरव — प्रेमनगर, देहरादून
- मनीष नेगी — मांडूवाला, प्रेमनगर
- नीरज राजपूत — भाऊवाला, सेलाकुई
पुलिस ने तीनों आरोपियों के पास से लाइसेंसी .32 बोर पिस्टल, 5 जिंदा कारतूस, डंडा और फॉर्च्यूनर कार बरामद की है।
