उर्स-ए-रजवी: बरेली जंक्शन पर 25 ट्रेनों का अतिरिक्त ठहराव, छह सुपरफास्ट ट्रेनें भी रुकेंगी; विशेष गाड़ियां भी चलेंगी

indianloveindia
2 Min Read
उर्स-ए-रजवी: बरेली जंक्शन पर 25 ट्रेनों को दिया जाएगा अतिरिक्त ठहराव, छह विशेष गाड़ियां भी चलेंगी

बरेली। आला हजरत के उर्स-ए-रजवी के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने विशेष प्रबंध किए हैं। 6 से 8 अगस्त तक आयोजित होने वाले उर्स के अवसर पर बरेली जंक्शन पर 25 ट्रेनों को अतिरिक्त अस्थायी ठहराव दिया जाएगा। इनमें सामान्य दिनों में जंक्शन पर नहीं रुकने वाली छह सुपरफास्ट ट्रेनें भी शामिल हैं। इसके अलावा 20 ट्रेनों के ठहराव का समय बढ़ाया गया है और यात्रियों की सुविधा के लिए छह विशेष अनारक्षित गाड़ियों का भी संचालन किया जाएगा।

सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि 8 अगस्त को बरेली–सहारनपुर, इज्जतनगर–लालकुआं और बरेली सिटी–पीलीभीत रेलखंड पर तीन जोड़ी विशेष अनारक्षित ट्रेनों का संचालन किया जाएगा, जिससे उर्स में आने-जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।

इन ट्रेनों को मिलेगा अतिरिक्त ठहराव

रेलवे के अनुसार, गंगा-सतलुज एक्सप्रेस, अर्चना एक्सप्रेस, जम्मूतवी–कानपुर सेंट्रल सुपरफास्ट, जननायक एक्सप्रेस, चंडीगढ़–डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, जनसेवा एक्सप्रेस और योग नगरी ऋषिकेश–प्रयागराज संगम एक्सप्रेस को बरेली जंक्शन पर पांच मिनट का अतिरिक्त ठहराव दिया जाएगा।

इसके अलावा शहीद एक्सप्रेस, सरयू–यमुना एक्सप्रेस, जनसेवा एक्सप्रेस, कोलकाता–अमृतसर अकाल तख्त एक्सप्रेस, कोलकाता–नांगल डैम एक्सप्रेस और जलियांवाला बाग एक्सप्रेस भी अस्थायी रूप से बरेली जंक्शन पर रुकेंगी।

इन ट्रेनों को भी मिलेगी सुविधा

रेलवे ने पटना–आनंद विहार जनसाधारण एक्सप्रेस, बेगमपुरा एक्सप्रेस, सप्तक्रांति एक्सप्रेस, आनंद विहार–पटना जनसाधारण एक्सप्रेस, बेगमपुरा एक्सप्रेस (वापसी) और सप्तक्रांति एक्सप्रेस (वापसी) को भी बरेली जंक्शन पर अतिरिक्त अस्थायी ठहराव देने का निर्णय लिया है।

इसके साथ ही 8 अगस्त को बरेली–मुरादाबाद पैसेंजर (64177) के संचालन समय में भी बदलाव किया गया है। यह ट्रेन निर्धारित समय दोपहर 2:40 बजे के स्थान पर 3:45 बजे बरेली से रवाना होगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का समय और ठहराव की जानकारी अवश्य जांच लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Share This Article