Lucknow Murder: पॉश गोमती नगर में बैंक मैनेजर की गोली मारकर हत्या, पत्नी के बाद बहन को भी मारा, आरोपी ने किया सुसाइड

indianloveindia
4 Min Read
लखनऊ के पॉश एरिया में मर्डर से सनसनी, ICICI बैंक की रिलेशनशिप मैनेजर की हत्या

लखनऊ: राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके गोमती नगर में गुरुवार दोपहर हुई सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। ICICI बैंक की रिलेशनशिप मैनेजर दिव्या मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वारदात को उनके पति मानस बाजपेई ने अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार, पत्नी की हत्या के बाद आरोपी अपने घर पहुंचा, जहां उसने अपनी बहन को भी गोली मार दी। इसके बाद आरोपी ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

बैंक के बाहर बुलाया और मार दी गोली

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आरोपी पति ने दिव्या मिश्रा को गोमती नगर स्थित बैंक के बाहर बुलाया था। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई। इसके बाद मानस ने कथित तौर पर दिव्या को गोली मार दी और मौके से फरार हो गया।

घटना दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। गोली लगने के बाद दिव्या को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस की टीम अब घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि वारदात से पहले और बाद की पूरी गतिविधियों का पता लगाया जा सके।

WhatsApp स्टेटस में लिखी थी हत्या की बात

मामले में आरोपी के WhatsApp स्टेटस ने पुलिस की जांच को एक अहम सुराग दिया। बताया जा रहा है कि मानस ने स्टेटस में पत्नी पर उसे धोखा देने का आरोप लगाया था। इसके साथ ही उसने पत्नी की हत्या करने, अपनी बहन को मारने और खुद आत्महत्या करने की बात भी लिखी थी।

पुलिस अब इस स्टेटस और आरोपी के मोबाइल फोन से जुड़े डिजिटल सबूतों की भी जांच कर रही है।

Lucknow Murder

Image Source : REPORTER INPUTआरोपी का स्टेटस

पत्नी के बाद बहन की हत्या, फिर खुद को मारी गोली

पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी अपने घर पहुंचा। वहां उसने अपनी बहन को भी गोली मार दी। इसके बाद उसने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

पड़ोसी अंकुर के मुताबिक, दरवाजा तोड़े जाने पर भाई-बहन दोनों बेड पर पड़े मिले। मानस के सीने पर पिस्टल पड़ी थी। कमरे में टीवी चल रहा था और तेज आवाज में हनुमान चालीसा बज रही थी।

करीब डेढ़ साल से अलग रह रहे थे पति-पत्नी

पड़ोसी ने बताया कि मानस और दिव्या की शादी करीब 10 साल पहले हुई थी। हालांकि, दोनों करीब डेढ़ साल से अलग-अलग रह रहे थे। मानस के SBI में काम करने की जानकारी भी सामने आई है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पति-पत्नी के बीच विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और वारदात से पहले उनके बीच किस तरह की बातचीत हुई थी।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

फिलहाल शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद को वारदात की वजह माना जा रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। CCTV फुटेज, मोबाइल फोन, WhatsApp गतिविधियों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने की कोशिश की जा रही है।

Share This Article