मुंबई। विक्की कौशल की फिल्म ‘छावा’ इस वक्त सुर्खियों में है। मूवी में विक्की ने छत्रपति संभाजी महाराज का किरदार निभाया है। इस मूवी को जहां रोज लाखों फैंस देख रहे हैं।
वहीं अब टीम इंडिया के पूर्व बल्लेबाज और मौजूदा कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने भी इस पर अपनी राय रखी है। चोपड़ा ने सवाल खड़ा किया कि स्कूल में हमें इनके बारे में क्यों नहीं पढ़ाया गया।
आकाश चोपड़ा ने खड़े किए सवाल
आकाश चोपड़ा ने ट्वीट कर कहा कि स्कूल टाइम में हम सब को अकबर की कहानियां पढ़ाई गईं, दिल्ली में औरंगजेब के नाम से एक रोड फेमस है। ऐसा क्यों है।
उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, ‘आज छावा देखी। बहादुरी, निस्वार्थता और कर्तव्य की भावना की अविश्वसनीय कहानी। असली सवाल- हमें स्कूल में छत्रपति संभाजी महाराज के बारे में बिल्कुल भी क्यों नहीं पढ़ाया गया?
कहीं जिक्र तक नहीं! हालांकि, हमने सीखा कि अकबर एक महान और न्यायप्रिय सम्राट था, यहां तक कि दिल्ली में औरंगजेब रोड नामक एक बहुत ही प्रमुख सड़क भी है। ऐसा क्यों और कैसे हुआ?’
करोड़ों में पहुंची छावा
संभाजी महाराज की वीरता की कहानी बताने वाली फिल्म ‘छावा’ हर किसी का दिल जीत रही है। सोमवार को फिल्म ने बड़ी कमाई की है और इस साल रिलीज होने वाली अब तक की सारी फिल्मों से काफी आगे निकल गई है।
करीब 130 करोड़ के बजट में बनाई गई ये फिल्म देश भर में इससे अधिक कमाई कर चुकी है। सोमवार को 24 करोड़ रुपये की कमाई की है, जो इस साल पहले सोमवार को सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म बन चुकी है।
फिल्म में विक्की कौशल संभाजी महाराज के लीड रोल में हैं। फिल्म में विक्की कौशल के अलावा अभिनेत्री रश्मिका मंदाना, अक्षय खन्ना और आशुतोष राणा जैसे कलाकार हैं।