नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में विधानसभा चुनाव के नतीजों में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। भाजपा ने जहां बंपर जीत हासिल की है, तो वहीं आम आदमी पार्टी के बड़े-बड़े नेताओं को हार का सामना करना पड़ा है।
अरविंद केजरीवाल हो या फिर मनीष सिसोदिया, दोनों ही नेताओं की हार हुई है। भाजपा ने दिल्ली में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पिछले 27 सालों का जीत का सुखा खत्म किया है और 70 विधानसभा सीट वाली दिल्ली में 48 सीटों के साथ प्रचंड जीत हासिल की है।
इस जीत के बाद भाजपा के तमाम वरिष्ठ नेताओं की प्रतिक्रिया सोशल मीडिया पर आ रही है। जेपी नड्डा से लेकर राजनाथ सिंह और अमित शाह ने दिल्ली की जनता को धन्यवाद कहा है।
पीएम मोदी ने इस जीत को बताया दिल्ली की जनता की जीत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट कर दिल्ली में मिली इस जीत के लिए जनता को धन्यवाद कहा है। साथ ही उन्होंने दिल्ली बीजेपी के सभी कार्यकर्ताओं का आभार भी जताया है।
उन्होंने लिखा कि, ‘जनशक्ति सर्वोपरि! विकास जीता, सुशासन जीता। दिल्ली के अपने सभी भाई-बहनों को भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलाने के लिए मेरा वंदन और अभिनंदन! आपने जो भरपूर आशीर्वाद और स्नेह दिया है, उसके लिए आप सभी का हृदय से बहुत-बहुत आभार’।
पीएम मोदी ने लिखा, ‘इसके साथ ही हम यह भी सुनिश्चित करेंगे कि विकसित भारत के निर्माण में दिल्ली की अहम भूमिका हो। मुझे अपने सभी कार्यकर्ताओं पर बहुत गर्व है, जिन्होंने इस प्रचंड जनादेश के लिए दिन-रात एक कर दिया। अब हम और भी अधिक मजबूती से अपने दिल्लीवासियों की सेवा में समर्पित रहेंगे’।
‘आप-दा मुक्त हुई दिल्ली’- जेपी नड्डा
जेपी नड्डा ने ट्वीट किया,”‘आप-दा’मुक्त दिल्ली! आज दिल्ली विधानसभा चुनाव के परिणाम में भारतीय जनता पार्टी की प्रचण्ड विजय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, अंत्योदय व विकासपरक नीतियों पर जनता- जनार्दन के अटूट समर्थन की जीत है।
प्रत्येक बूथ पर अथक परिश्रम करने वाले भाजपा के हमारे कार्यकर्ताओं और प्रदेश नेतृत्व को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूँ।’आप-दा’ सरकार ने दिल्ली में भ्रष्टाचार, कुशासन और तुष्टिकरण की सारी सीमाएं लांघ दी थी”।
उन्होंने आगे लिखा कि, “आज दिल्ली उनके झूठ, छल और प्रपंच से मुक्त होकर प्रगति और प्रतिष्ठा के नए युग में अपनी यात्रा आरंभ कर रही है। यह जनादेश ‘विकसित दिल्ली-विकसित भारत’ के हमारे संकल्प को साकार स्वरूप प्रदान करेगा।
इस प्रचण्ड विजय के लिए मैं पीएम मोदी के प्रति आभार प्रकट करता हूँ और समस्त भाजपा कार्यकर्ताओं और दिल्लीवासियों का अभिनंदन करता हूँ”।
राजनाथ सिंह ने पीएम मोदी और दिल्लीवासियों का जताया आभार
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी ट्वीट कर पीएम मोदी और दिल्ली की जनता का आभार जताया है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, ‘दिल्ली के विधानसभा चुनावों में भाजपा की जबरदस्त विजय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों के प्रति विश्वास की जीत है।
इस देश की जनता का भरोसा पीएम मोदी की विश्वसनीयता और भाजपा की सुशासन और विकास की राजनीति में है। इस शानदार जीत के लिए मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, दिल्ली प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा एवं सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई देता हूँ’।
उन्होंने ट्वीट में आगे लिखा, ‘लगभग 27 साल बाद दिल्ली की जनता ने भाजपा को अपना विश्वास और आशीर्वाद दिया है। इसके लिए दिल्ली की जनता के प्रति मैं अपना आभार व्यक्त करता हूँ।
विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए विकसित दिल्ली अति आवश्यक है। इस जीत के बाद डबल इंजन की सरकार दिल्ली के विकास को नई गति को बुलंदी प्रदान करेगी’।
क्या कहा अमित शाह ने
गृह मंत्री अमित शाह ने भी आम आदमी पार्टी की हार को सही ठहराते हुए, भाजपा की जीत के लिए दिल्ली की जनता का धन्यवाद किया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि, ‘दिल्ली में झूठ के शासन का अंत हुआ है… यह अहंकार और अराजकता की हार है।
यह ‘मोदी की गारंटी’ और मोदी के विकास के विजन पर दिल्लीवासियों के विश्वास की जीत है। इस प्रचंड जनादेश के लिए दिल्ली की जनता का दिल से आभार। पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा अपने सभी वादे पूरे कर दिल्ली को विश्व की नंबर-1 राजधानी बनाने के लिए संकल्पित है’।
केजरीवाल-सिसोदिया हारे, जीत गईं आतिशी
दिल्ली में भाजपा को मिली जीत के बाद बीजेपी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से एक पोस्टर जारी किया है और आम आदमी पार्टी पर कटाक्ष करते हुए लिखा है, ‘दिल्ली से आप-दा गई’।
दिल्ली के चुनाव परणाम काफी चौंकाने वाले रहे और अरविंद केजरीवाल समेत मनीष सिसोदिया और सौरभ भारद्वाज जैसे बड़े नेताओं को हार का सामना करना पड़ा है। हालांकि, दिल्ली की मुख्यमंत्री रहीं आतिशी ने अपनी सीट से जीत हासिल की है।