लखनऊ। उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बजट सत्र में विधान परिषद को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने महाकुंभ के आयोजन का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि यह ऐसा आयोजन था, जिसे लंबे समय तक दुनिया याद रखेगी।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कुछ पार्टियां इससे सहमत नहीं थीं और गलत खबरें फैला रही थीं। इसके बावजूद लोगों की आस्था नहीं डिगी। देश-विदेश से आए लोगों ने महाकुंभ की खुले दिल से तारीफ की।
सीएम योगी ने कहा कि 45 दिन के आयोजन में महाकुंभ की दुनिया भर में प्रशंसा हो रही है। इस महाकुंभ में एक भी लूट की घटना नहीं हुई है। कोई अपहरण नहीं हुआ है। यह सनातन के सामाजिक अनुशासन का प्रभाव है। जो कि कहता है कि यहां जातिवाद और क्षेत्रवाद की कोई जगह नहीं है।
औरंगजेब सपा के लोगों का नायक
मुख्यमंत्री योगी ने सपा पर हमला करते हुए कहा कि सपा के लोगों के लिए औरंगजेब गर्व का विषय है जिसने अपने पिता को कैद कर उन्हें पानी की एक-एक बूंद के लिए तरसा दिया था। सपा का अपने विधायकों पर नियंत्रण नहीं है।
उन्होंने अबू आजमी का नाम लिए बिना कहा कि सपा को उसे पार्टी से निकाल देना चाहिए। सपा को उस नेता के बयान का खंडन करना चाहिए और पार्टी से निकाल देना चाहिए।
CM ने आगे कहा, नहीं तो उसे यहां बुलाइये। हम उसका इलाज कर देंगे। यूपी ऐसे लोगों का उपचार अच्छे से करता है। ये लोग महाकुंभ को कोसते हैं और औरंगजेब पर गर्व करते हैं। बता दें कि अबू आजमी ने औरंगजेब को कुशल प्रशासक बताते हुए कहा था कि वह औरंगजेब पर गर्व करते हैं।