नई दिल्ली। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस की टीम ने दूसरी बार Women’s Premier League (WPL) का खिताब अपने नाम किया। WPL 2025 के फाइनल में मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 8 रन से मात दी।
Mumbai Indians को कितना मिला इनाम?
दूसरी बार WPL का खिताब जीतने वाली मुंबई इंडियंस की टीम पर पैसों की बरसात हुई। चैंपियन मुंबई इंडियंस को इनाम के रूप में 6 करोड़ रुपये मिले हैं, जबकि हार के बावजूद दिल्ली कैपिटल्स की टीम को 3 करोड़ रुपये की प्राइज मनी मिली।
टूर्नामेंट में नंबर-3 पर अपना सफर खत्म करने वाली यानी एलिमिनेटर मैच में हारने वाली गुजरात जायंट्स को 1 से डेढ़ करोड़ रुपये का इनाम मिलेगा।
Delhi Capitals का फिर खिताब जीतने का टूटा सपना
मुंबई इंडियंस ने इस तरह WPL में दूसरी बार खिताब अपने नाम किया, जबकि लगातार तीसरे सीजन में WPL फाइनल खेल रही दिल्ली कैपिटल्स का एक बार फिर से खिताब जीतने का सपना टूट गया।
ऐसा रहा मैच का हाल
WPL 2025 के फाइनल मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 149 रन बनाए। इसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 141 रन ही बना सकी। इस तरह मुंबई ने 8 रन से मैच अपने नाम किया।
फाइनल में पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई की शुरुआत खराब रही और 14 रन के अंदर 2 विकेट गंवा दिए। इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने नट साइवर-ब्रंट के साथ मिलकर पारी को संभाला और तीसरे विकेट के लिए 89 रन की साझेदारी की।
ब्रंट ने 28 गेंदों पर 30 रन बनाए। वहीं, हरमनप्रीत ने 44 गेंदों पर 66 रन की तूफानी पारी खेली। इस दौरान मुंबई की कप्तान ने 9 चौके और 2 छक्के ठोके।