सोशल मीडिया पर हथियार दिखाकर रील बनाना और उसके जरिए लोगों में दहशत फैलाने की कोशिश ओडिशा के झारसुगुड़ा के कुछ युवकों को भारी पड़ गई। झारसुगुड़ा पुलिस ने ‘ऑपरेशन नेत्र’ के तहत इंस्टाग्राम पर चाकू दिखाते हुए धमकी भरी रील बनाने और पोस्ट करने वाले युवकों के एक समूह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 5 युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि 3 नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया पर इस तरह की रील सामने आने के बाद मामले की जानकारी जुटाई गई, जिसके बाद झारसुगुड़ा पुलिस की टीम ने जांच शुरू कर रील बनाने और पोस्ट करने में शामिल लोगों की पहचान की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से दो चाकू और एक मोबाइल फोन जब्त किया, जिसमें वही धमकी भरी वीडियो रील मौजूद पाई गईं, जिनके आधार पर कार्रवाई की गई।
पांच युवकों की पहचान, तीन नाबालिग भी शामिल
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में 22 वर्षीय सागर भैंसा, 21 वर्षीय शुभम छछान, 24 वर्षीय बिकास भैंसा, 21 वर्षीय बिकाश प्रधान और 22 वर्षीय समीर सोरेंग शामिल हैं। इनके अलावा तीन नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है। झारसुगुड़ा थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार मामले की आगे की जांच जारी है।
एसपी बोले – हथियारों के महिमामंडन पर सख्त कार्रवाई होगी
झारसुगुड़ा के पुलिस अधीक्षक गुंडाला रेड्डी राघवेंद्र ने इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा,
“सोशल मीडिया रचनात्मकता दिखाने का माध्यम है, लेकिन इसका इस्तेमाल हथियारों का महिमामंडन करने, लोगों को धमकाने या इलाके में डर का माहौल बनाने के लिए नहीं किया जाना चाहिए। ऑपरेशन नेत्र के तहत झारसुगुड़ा पुलिस ऐसी गतिविधियों पर नजर रख रही है। ऑनलाइन हो या ऑफलाइन, लोगों में डर पैदा करने या सार्वजनिक शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
पुलिस की सख्ती का संदेश साफ
इस कार्रवाई से पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सोशल मीडिया पर बनाई गई रील को केवल मनोरंजन मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। अगर किसी पोस्ट या वीडियो के जरिए धमकी दी जाती है, हथियारों का प्रदर्शन किया जाता है या लोगों में भय पैदा करने की कोशिश होती है, तो पुलिस ऐसे मामलों में कानूनी कार्रवाई कर सकती है। फिलहाल जब्त मोबाइल फोन की जांच जारी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वीडियो और किन प्लेटफॉर्म पर साझा किए गए थे।
गौरतलब है कि ओडिशा में हाल ही में संबलपुर में आपसी विवाद के चलते एक व्यापारी की बीच सड़क पर गोली मारकर दिनदहाड़े हत्या का मामला भी सामने आया था, जिसके बाद राज्य में सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों के प्रदर्शन और अपराध की घटनाओं को लेकर पुलिस की सतर्कता बढ़ी है।

