फिरोजाबाद। लगातार हो रही बारिश ने जिले में तबाही मचा दी है। थाना बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत सोफीपुर में बुधवार सुबह एक जर्जर मकान अचानक भरभराकर ढह गया। गनीमत रही कि मकान गिरने से पहले परिवार के सभी सदस्य समय रहते बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, मलबे में दबकर लाखों रुपये का घरेलू सामान पूरी तरह नष्ट हो गया।
पीड़ित राजन सिंह ने बताया कि पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण मकान में सीलन आ गई थी और दीवारें कमजोर हो चुकी थीं। बुधवार सुबह अचानक मकान की दीवार और छत एक साथ ढह गईं। देखते ही देखते वर्षों की मेहनत से बसाई गई गृहस्थी मलबे के ढेर में बदल गई।
घटना की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन को दी गई, लेकिन काफी समय बीतने के बावजूद कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे ग्रामीणों में प्रशासन की कार्यशैली को लेकर नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि ऐसे समय में प्रभावित परिवार को तत्काल राहत और सहायता मिलनी चाहिए थी।
बेघर हुआ परिवार, मदद की गुहार
आर्थिक रूप से कमजोर राजन सिंह के सामने अब अपने परिवार और छोटे बच्चों के लिए रहने की व्यवस्था करना बड़ी चुनौती बन गया है। उन्होंने बताया कि अपनी सीमित आय में दोबारा मकान बनवाना उनके लिए संभव नहीं है।
पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन और तहसील अधिकारियों से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा सरकारी आवास योजना के तहत तत्काल राहत देने की मांग की है, ताकि उन्हें दोबारा सिर छिपाने के लिए सुरक्षित आशियाना मिल सके.

