आगरा: शहर की जर्जर सड़कों और जगह-जगह बने गहरे गड्ढों को लेकर नगर निगम के पार्षदों का गुस्सा फूट पड़ा। मंगलवार को पार्षदों ने नगर आयुक्त से मुलाकात कर सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की। पार्षदों का कहना था कि सड़कों की हालत लगातार खराब हो रही है और अब जनता उनसे सवाल कर रही है, लेकिन उनके पास कोई संतोषजनक जवाब नहीं है।
पार्षद ने नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
वार्ड-95 बाग फरजाना से पार्षद और कार्यकारिणी सदस्य शरद चौहान ने मंगलवार दोपहर नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य से मुलाकात की। उन्होंने सड़कों पर बने गहरे गड्ढों को लेकर नाराजगी जताते हुए ज्ञापन सौंपा।
शरद चौहान ने कहा कि उत्तर विधानसभा क्षेत्र में सड़कों की स्थिति बेहद खराब है। उनके मुताबिक, शहर में लंबे समय से इस तरह के बड़े और गहरे गड्ढे देखने को मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर जून में ही सड़कों पर पैचवर्क करा दिया जाता तो मौजूदा स्थिति इतनी खराब नहीं होती।
इन इलाकों की सड़कों पर सबसे ज्यादा शिकायत
ज्ञापन में आरबीएस कॉलेज चौराहे से दीवानी चौराहे तक की सड़क, खंदारी रोड, ट्रांसपोर्ट नगर, लोहामंडी चौराहा, आवास विकास कॉलोनी रोड, सिकंदरा-बोदला चौराहा और दयालबाग रोड समेत कई इलाकों का उल्लेख किया गया है।
पार्षदों ने नगर आयुक्त से इन सड़कों के गड्ढों को जल्द से जल्द भरवाने और जरूरी मरम्मत कराने की मांग की।
बैठक में अन्य पार्षदों ने भी जताई नाराजगी
शरद चौहान के बाद कई अन्य पार्षदों ने भी नगर आयुक्त से मुलाकात की और अपने-अपने क्षेत्रों की सड़कों की समस्या सामने रखी।
पार्षद प्रवीणा राजावत, सुहैल कुरैशी, अनुराग चतुर्वेदी, हेमंत प्रजापति, अमित पटेल और बद्रीप्रसाद समेत अन्य पार्षदों ने सड़कों की खराब हालत पर नाराजगी जताई।
पार्षदों का कहना था कि सड़कें खराब होने से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में नगर निगम को केवल शिकायतों का इंतजार करने के बजाय खराब सड़कों की पहचान कर समयबद्ध तरीके से मरम्मत का काम कराना चाहिए।

