बिहार के मोतिहारी जिले से एक बड़ा ही हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक गांव में युवक का शव 60 फीट उंचे टावर से लटकते हुए देखा गया। लटकते हुए शव को देखकर गांव में लोगों के बीच अफरा तफरी मच गई। जब जांच की गई तो पता लगा है कि मृतक युवक नेपाल का रहने वाला था। वह बिहार में मजदूरी के लिए आया था। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में सनसनी का माहौल है।
क्या है पूरा मामला?
सामने आई जानकारी के अनुसार, पूर्वी चंपारण जिला के घोड़ासहन थाना क्षेत्र में मोबाइल टावर से लटका एक युवक का शव बरामद हुआ है। घोड़ासहन बाजार स्थित वीरता चौक पर 60 फीट उंचे मोबाइल टावर से लटकते शव को देख गांव में अफरा तफरी मच गई। जांच करने पर मृतक की पहचान वीरता चौक पर किराए के मकान में रह रहे नेपाल निवासी हैदर मियां के रुप में की गई है।
जानकारी के मुताबिक, नेपाल के निवासी हैदर का परिवार पिछले कुछ वर्षों से घोड़ासहन के वीरता चौक पर रहा है। वह और उसका परिवार नेपाल के रहने वाले है। जानकारी मिली है कि ये लोग नेपाल से घोड़ासहन में मजदूरी करने के लिए आए थे।
परेशान चल रहा था युवक
बताया जा रहा है कि मृतक पिछले कुछ दिनों से परेशान चल रहा था और आज अहले सुबह तीन बजे वह घर से निकला था। हालांकि, दिन का उजाला होते हीं लोगों की नजर जब टावर पर गई, तब उसपर शव को लटका हुआ देख कर अफरा तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को टावर से नीचे उतारा। पुलिस द्वारा इस घटना को लेकर जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। (रिपोर्ट: अरविन्द कुमार)

