बहराइच पुलिस ने चोरी की घटनाओं पर लगाम कसने के अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये के इनामी और हिस्ट्रीशीटर बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के साथ हुई फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। इससे पहले उसी रात एक अन्य बदमाश भी पुलिस मुठभेड़ में घायल होकर पकड़ा गया था।
पुलिस के अनुसार जिले में लगातार हो रही चोरी की वारदातों को रोकने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 27 और 28 जून की रात क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम और रामगांव पुलिस को सूचना मिली कि बौंडी थाना क्षेत्र में कुछ दिन पहले पुलिस की अपराधियों से हुई मुठभेड़ में असलम घायल होने के बाद गिरफ्तार किया गया था। इस मुठभेड़ में फरार हुए दो बदमाश चोरी का सामान और अवैध हथियार लेकर बाइक से भकला गोपालपुर की ओर आ रहे हैं।
जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ बदमाश
सूचना मिलते ही पुलिस ने अकिलापुर चौराहे के पास घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन उन्होंने भागने की कोशिश करते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने सेल्फ डिफेंस में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई और वह मौके पर ही गिर पड़ा। उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल बदमाश ने पूछताछ में अपनी पहचान फिरोज पुत्र फौजदार, निवासी मुड़कटी, थाना बौंडी के रूप में बताई। उसने फरार साथी का नाम मुल्कराज बताया। इसके बाद पुलिस की अलग-अलग टीमें उसकी तलाश में जुट गईं।
पुलिस ने 50 हजार के हिस्ट्रीशीटर को दबोचा
कुछ ही देर बाद कैसरगंज थाना पुलिस और स्वाट टीम रुकनापुर तिराहे के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस का कहना है कि उसने भी गिरफ्तारी से बचने के लिए फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही दबोच लिया गया।
पूछताछ में उसने अपना नाम मुल्कराज पुत्र श्याम बिहारी, निवासी रायपुर भैसवा, थाना बौंडी बताया। पुलिस के मुताबिक मुल्कराज बौंडी थाना का हिस्ट्रीशीटर है और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसके खिलाफ जिले के कई थानों में चोरी के दर्जनों मामले दर्ज हैं और वह कई मामलों में वांछित चल रहा था।
पुलिस ने उसके पास से 10 चांदी के बिछुए, 2400 रुपये नकद, 315 बोर का एक देसी तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। दोनों घायल बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस टीम को आवश्यक निर्देश दिए।

