आगरा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस आगरा में संगठन को नए सिरे से मजबूत करने की तैयारी में है। जिला और महानगर अध्यक्ष पद के लिए सामने आए 55 दावेदारों में से 43 नामों को छांटकर 12 नामों का पैनल तैयार किया गया है। इनमें जिला और महानगर अध्यक्ष पद के लिए छह-छह नाम शामिल हैं। यह सूची पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल और प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम को सौंप दी गई है।
पार्टी के स्थानीय नेताओं के मुताबिक, अब इन नामों पर हाईकमान स्तर से अंतिम फैसला होना है। नए जिला और महानगर अध्यक्षों की घोषणा अगले सप्ताह तक किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।
30 और 25 नामों पर हुआ था मंथन
कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत भरतपुर की सांसद और अभियान की पर्यवेक्षक संजना जाटव ने आगरा के सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं से संवाद किया था। इस दौरान संगठन की स्थिति, आगामी चुनाव की तैयारियों और नए पदाधिकारियों के चयन को लेकर कार्यकर्ताओं से राय ली गई थी।
महानगर अध्यक्ष अमित सिंह के अनुसार, इस प्रक्रिया के दौरान महानगर अध्यक्ष पद के लिए 30 और जिलाध्यक्ष पद के लिए 25 दावेदारों के नाम सामने आए। इसके बाद प्रदेश के नेताओं के साथ विचार-विमर्श कर दोनों पदों के लिए छह-छह नामों का चयन किया गया।
छह-छह नामों का पैनल तैयार
छंटनी के बाद महानगर अध्यक्ष पद के लिए छह और जिलाध्यक्ष पद के लिए छह नाम रखे गए हैं। कुल 12 नामों का पैनल अब पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के पास है। अंतिम चयन कांग्रेस हाईकमान द्वारा किया जाएगा।
संगठन सृजन अभियान के दौरान पार्टी की ओर से यह संकेत दिया गया था कि संगठन में जिम्मेदारी सक्रिय और जमीन पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को देने पर जोर रहेगा।
विधानसभा चुनाव से पहले संगठन मजबूत करने की कवायद
कांग्रेस आगरा में संगठन को बूथ और वार्ड स्तर तक मजबूत करने की तैयारी में जुटी है। अगस्त में अभियान के तहत पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद कर स्थानीय स्तर की समस्याओं और संगठन विस्तार को लेकर सुझाव लिए थे।
अब जिला और महानगर अध्यक्ष के चयन को इस संगठनात्मक कवायद की अगली महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। हाईकमान की मंजूरी के बाद नए अध्यक्षों की घोषणा के साथ आगरा कांग्रेस की नई टीम के गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

