बरेली में स्वाइन फ्लू के दो और मरीज मिले, आंकड़ा 22 पार, संक्रमण के स्रोत का पता नहीं

4 Min Read
बरेली में स्वाइन फ्लू के दो और मरीज मिले, आंकड़ा 22 पार, संक्रमण के स्रोत का पता नहीं

बरेली जिले में स्वाइन फ्लू के दो नए मरीज मिलने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 22 पहुंच गई है। शनिवार को निजी लैब की रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड होने के बाद इन दोनों मामलों की पुष्टि हुई। सबसे चिंता की बात यह है कि अब तक सामने आए किसी भी मरीज की न तो कोई ट्रैवल हिस्ट्री मिली है और न ही संक्रमण के स्रोत का पता चल सका है।

जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. प्रशांत रंजन के अनुसार, नए संक्रमितों में राजेंद्रनगर के जनकपुरी निवासी 84 वर्षीय बुजुर्ग शामिल हैं, जिनका इलाज एक निजी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। दूसरे मरीज महानगर निवासी 47 वर्षीय व्यक्ति हैं, जो इस साल फरवरी से लखनऊ में रह रहे हैं। आधार कार्ड पर बरेली का पता दर्ज होने के कारण उनका केस पोर्टल पर बरेली जिले के खाते में रेफर होकर अपडेट हुआ। स्वास्थ्य विभाग ने फोन पर संपर्क कर उन्हें होम आइसोलेशन में रहने की सलाह दी है। जनकपुरी निवासी बुजुर्ग के संपर्क में आए लोगों की सर्विलांस टीम पहचान करेगी, जिसके बाद उन्हें एहतियातन दवा दी जाएगी।

संक्रमण का स्रोत अब भी अनसुलझी पहेली

डॉ. प्रशांत रंजन ने बताया कि दिल्ली और नोएडा में भी स्वाइन फ्लू के कई मरीज सामने आ रहे हैं, और बरेली से इन दोनों शहरों के बीच आवाजाही करने वालों की संख्या काफी अधिक है। उनका मानना है कि यात्रा, बाजार, सार्वजनिक स्थानों या अस्पतालों में आवागमन के दौरान लोग संक्रमण की चपेट में आए हो सकते हैं, हालांकि इसकी अभी पुष्टि नहीं हो सकी है।

जिले में लगातार बढ़ रहे मामले

बरेली में स्वाइन फ्लू का प्रकोप बीते कुछ हफ्तों से लगातार बढ़ता दिख रहा है। शुरुआत में सामने आए चार मरीज बरेली में नहीं, बल्कि नोएडा में रह रहे थे, जहां वे संक्रमित हुए थे। इसके बाद जिले में सक्रिय मामलों की संख्या बढ़ती गई और सितंबर की शुरुआत में यह आंकड़ा नौ तक पहुंच गया। बीच में एक महिला की स्वाइन फ्लू से मौत भी हो चुकी है, जिसके बाद मामलों की संख्या 14 पर पहुंच गई थी। इसके बाद मां-बेटे समेत चार और लोग संक्रमित मिले और आंकड़ा 18 तक पहुंचा। अब दो नए मामलों के साथ यह संख्या 22 हो गई है।

बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जिला अस्पताल में अलग वार्ड तैयार किया है, ताकि संक्रमित मरीजों को तुरंत आइसोलेट कर इलाज दिया जा सके। स्वास्थ्य टीमें संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की निगरानी कर रही हैं और जरूरत पड़ने पर उन्हें एहतियातन दवाएं भी दी जा रही हैं।

बचाव के लिए क्या करें

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से निम्नलिखित सावधानियां बरतने की अपील की है:

  • बार-बार नाक और मुंह छूने से बचें, नियमित रूप से हाथ धोते रहें।
  • यात्रा के दौरान और बाजार में मास्क जरूर पहनें।
  • घर को हवादार और साफ रखें, पौष्टिक भोजन लें।
  • संदिग्ध या संक्रमित व्यक्तियों से कम से कम दो फुट की दूरी बनाए रखें।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि बुखार, खांसी, गले में खराश या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराएं और लापरवाही न बरतें।

Share This Article
Exit mobile version