BRICS समिट का आज दूसरा दिन: PM मोदी करेंगे 7 देशों के नेताओं से द्विपक्षीय मुलाकात, जानें पूरा शेड्यूल

indianloveindia
5 Min Read
BRICS समिट का आज दूसरा दिन: PM मोदी करेंगे 7 देशों के नेताओं से द्विपक्षीय मुलाकात, जानें पूरा शेड्यूल

नई दिल्ली में चल रहे 18वें BRICS शिखर सम्मेलन का आज दूसरा और अंतिम दिन है। इस दौरान दुनिया भर के कई बड़े नेता भारत मंडपम पहुंचेंगे, जहां BRICS के सदस्य देशों के साथ-साथ साझेदार और आमंत्रित देशों के राष्ट्राध्यक्ष व शासनाध्यक्ष वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह करीब 9:55 बजे भारत मंडपम में नेताओं और मंत्रियों के आगमन से होगी। इसके बाद सुबह 10:35 बजे सभी नेताओं की पारंपरिक फैमिली फोटो होगी, और सुबह 10:50 बजे शिखर सम्मेलन का ओपन सेशन शुरू होगा। इस सत्र की थीम “लचीलेपन, नवाचार, सहयोग और सतत विकास के जरिए समावेशी वैश्विक विकास का भविष्य” रखी गई है, जिसके तहत नेता वैश्विक विकास, आर्थिक सहयोग, नवाचार और सतत विकास जैसे मुद्दों पर अपने विचार साझा करेंगे।

PM मोदी की सात देशों के नेताओं से द्विपक्षीय बैठकें

समिट के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कई देशों के शीर्ष नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी प्रस्तावित हैं। तय कार्यक्रम के अनुसार, पीएम मोदी दोपहर 2:30 बजे कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव से मुलाकात करेंगे। इसके बाद दोपहर 3 बजे फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर, दोपहर 3:30 बजे मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी और शाम 4:10 बजे दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा के साथ बैठक तय है।

इसके अलावा शाम 4:40 बजे बुरुंडी के राष्ट्रपति एवरिस्ट नदायिशिमिये, शाम 5:10 बजे नाइजीरिया के उपराष्ट्रपति सीनेटर काशिम शेट्टिमा और शाम 5:40 बजे युगांडा की उपराष्ट्रपति जेसिका अलुपो के साथ भी पीएम मोदी की मुलाकात प्रस्तावित है। इन बैठकों में व्यापार, निवेश, रणनीतिक सहयोग, क्षेत्रीय शांति और वैश्विक मुद्दों पर बातचीत होने की उम्मीद जताई जा रही है।

पीएम मोदी की आज होने वाली द्विपक्षीय बैठकें

  • दोपहर 2:30 बजे: कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव
  • दोपहर 3:00 बजे: फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर
  • दोपहर 3:30 बजे: मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी
  • शाम 4:10 बजे: दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा
  • शाम 4:40 बजे: बुरुंडी के राष्ट्रपति एवरिस्ट नदायिशिमिये
  • शाम 5:10 बजे: नाइजीरिया के उपराष्ट्रपति सीनेटर काशिम शेट्टिमा
  • शाम 5:40 बजे: युगांडा की उपराष्ट्रपति जेसिका अलुपो

पहले दिन बनी थी नई दिल्ली घोषणा-पत्र पर सहमति

BRICS सम्मेलन के पहले दिन शनिवार को सबसे बड़ी उपलब्धि नई दिल्ली घोषणा-पत्र पर सर्वसम्मति से बनी सहमति मानी जा रही है। इस घोषणा-पत्र में आतंकवाद, वैश्विक संघर्ष, व्यापार और बहुपक्षीय वैश्विक व्यवस्था जैसे अहम मुद्दों पर BRICS देशों ने अपना साझा रुख सामने रखा। घोषणा-पत्र में पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव पर चिंता जताते हुए संयम बरतने की अपील की गई, साथ ही इजरायल-फलस्तीन विवाद के स्थायी समाधान के तौर पर टू-स्टेट सॉल्यूशन का समर्थन दोहराया गया।

पहले दिन प्रधानमंत्री मोदी ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ भारत-चीन संबंधों और सीमा से जुड़े मुद्दों पर बातचीत की थी, जबकि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ रणनीतिक साझेदारी और व्यापार को लेकर चर्चा हुई थी। पहले दिन आयोजित गाला डिनर में भारतीय संस्कृति और विरासत की झलक भी देखने को मिली, जहां मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने किशोर कुमार का गीत गाकर माहौल को खास बना दिया।

आज पूरा होगा भारत का मेजबानी कार्यकाल

12 और 13 सितंबर को आयोजित हो रहा यह दो दिवसीय सम्मेलन भारत की अध्यक्षता में हो रहा 18वां BRICS शिखर सम्मेलन है, जिसकी थीम “लचीलापन, नवाचार, सहयोग और सतत विकास के लिए निर्माण” रखी गई है। सम्मेलन के समापन के साथ ही BRICS की अध्यक्षता वर्ष 2027 के लिए चीन को हस्तांतरित होने की प्रक्रिया शुरू होगी।

आज सम्मेलन के दूसरे और अंतिम दिन भी दुनिया की नजर भारत मंडपम पर टिकी रहेगी, जहां BRICS सदस्य देश और आमंत्रित राष्ट्र वैश्विक विकास और सहयोग से जुड़े मुद्दों पर आगे की दिशा तय करने का प्रयास करेंगे।

Share This Article